केजरीवाल का जश्न-ए-आजादी का प्लान, 14 अगस्त की शाम तिरंगा के साथ गाएं राष्ट्रगान, दिल्ली में बांटेंगे 25 लाख झंडे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 5, 2022, 05:01 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से 14 अगस्त की शाम 5 बजे तिरंगा हाथ में लेकर और राष्ट्रगान गाकर आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने का आह्वान किया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि मैं सभी देशवासियों से अपील करना चाहता हूं कि 14 अगस्त को शाम 5 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के साथ राष्ट्रगान गाएं। दिल्ली में हम विभिन्न स्थानों पर लोगों को 25 लाख तिरंगे झंडे बांटेंगे। देश आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। उन्होंने कहा कि सब लोग अपने-अपने तरीके यह स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। केंद्र सरकार और हर राज्य सरकारें मना रही हैं। हर घर तिरंगा, हर हाथ तिरंगा, तरह तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मैं आप से अपील करता हूं। हर भारतवासी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को हर भारतवासी अपने हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान गाएं। पूरे देश भक्ति के साथ गाएं। 

आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार ने पूरे शहर में 25 लाख झंडे बांटने का फैसला किया है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि सरकारी स्कूल के छात्रों को भी झंडे दिए जाएंगे ताकि वे उन्हें घर ले जा सकें। उन्होंने कहा कि देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। लोग खुश हैं और हर सरकार इसे मना रही है।

इस अवसर को मनाने के लिए 'हर घर तिरंगा, हर हाथ तिरंगा' और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज, मैं देश के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि शाम 5 बजे (14 अगस्त को) राष्ट्रगान गाएं। मुख्यमंत्री ने लोगों से भारत को "दुनिया में नंबर एक देश" बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लेने का भी आग्रह किया।
 

End of Article