शहर

गुरुग्राम के मॉल स्पा सेंटर्स की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश; महिला आयोग और पुलिस की साझा रेड

Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित एक मॉल में हरियाणा महिला आयोग और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। स्पा सेंटर्स में चल रहे देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Image

70 पुलिसकर्मियों की टीम ने मारी रेड

Photo : Times Now Digital

Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित एक नामी मॉल में चल रहे स्पा सेंटर्स पर हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मॉल के भीतर स्पा सेंटर्स के नाम पर धड़ल्ले से चलाए जा रहे देह व्यापार के अवैध नेटवर्क पर महिला आयोग का कड़ा हंटर चला है। इस मेगा सर्च ऑपरेशन में एक साथ 18 से 19 स्पा सेंटर्स पर छापा मारा गया, जिससे पूरे मॉल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

70 से अधिक पुलिसकर्मियों की रेड

मामले की संवेदनशीलता और बड़े पैमाने को देखते हुए इस रेड में गुरुग्राम पुलिस के उच्च अधिकारी, 20 से अधिक इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और करीब 70 से ज्यादा पुलिसकर्मियों का भारी बल शामिल रहा। छापेमारी के दौरान पुलिस और महिला आयोग की टीम ने मौके से 20 से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है। 20 से ज्यादा युवतियों को भी हिरासत में लिया गया है।

युवतियों को जबरन धकेलने की आशंका, नशीले पदार्थ बरामद

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने बताया कि आयोग को पिछले कई महीनों से मॉल के आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से स्पा सेंटर्स में अवैध गतिविधियों की गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने खुद ग्राउंड पर उतरकर गुरुग्राम पुलिस के साथ यह संयुक्त कार्रवाई की।

जांच में सामने आई मुख्य बातें

महिला आयोग के अनुसार हिरासत में ली गई कुछ युवतियों के नाबालिग होने की आशंका है, जिनके उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शुरुआती पूछताछ और जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ लड़कियों को बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर जबरन इस काम में धकेला गया था। स्पा सेंटर्स के कमरों से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्रियां और कुछ नशीले पदार्थ (ड्रग्स) भी बरामद किए गए हैं।

इम्मॉरल ट्रैफिकिंग एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई

मामले में गुरुग्राम पुलिस के एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। यह पूरी कार्रवाई इम्मॉरल ट्रैफिकिंग (प्रिवेंशन) एक्ट (Immoral Traffic Prevention Act) की धारा 3, 4, और 7 के उल्लंघन के तहत की जा रही है। इसके अलावा नशीले पदार्थों की बरामदगी और पॉक्सो (POCSO) एक्ट से जुड़ी संभावित धाराओं के तहत भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article