जहांगीरपुरी हिंसा को लेकर AAP का पलटवार- BJP की टोपी में दिखा आरोपी अंसार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 19, 2022, 06:32 PM IST

जहांगीरपुरी हिंसा को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी पर पलटवार किया है। आप ने हिंसा के आरोपी अंसार की नई फोटो जारी की है। इस फोटो में अंसार के सिर पर बीजेपी की टोपी नजर आ रही है।

जहांगीरपुरी हिंसा को लेकर AAP का पलटवार- BJP की टोपी में दिखा आरोपी अंसार

आम आदमी पार्टी (AAP) ने जहांगीरपुरी हिंसा के मास्टरमाइंड माने जा रहे अंसार को लेकर बीजेपी पर पलटवार किया है। बीजेपी अब तक अंसार को आम आदमी पार्टी का करीबी बता रही थी। आम आदमी पार्टी की टोपी पहने उसकी एक तस्वीर भी शेयर की जा रही थी लेकिन अब आम आदमी पार्टी ने भी अंसार की एक ऐसी तस्वीर रिलीज की है, जिसमें उसके सिर पर बीजेपी की टोपी है।

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के दंगे भाजपा ने करवाए है, भाजपा गुंडों और अपराधियों की पार्टी है। हिंसा करने वालो को अपने ऑफिस में बुलाकर सम्मानित करती है। दंगाई हिन्दू हो या मुसलमान वो सिर्फ दंगाई है, उसपर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। 

आप नेता आतिशी ने ट्वीट किया कि जहांगीरपुरी दंगों का मुख्य आरोपी- अंसार- भाजपा का नेता है। उसने भाजपा की प्रत्याशी संगीता बजाज को चुनाव लड़वाने में प्रमुख भूमिका निभायी और भाजपा में सक्रिय भूमिका निभाता है। ये साफ है कि भाजपा ने दंगे करवाए। भाजपा दिल्ली वालों से माफी मांगे। भाजपा गुंडों-लफंगों की पार्टी है।

वहीं सौरव भारद्वाज ने कहा कि दंगों का सबसे ज्यादा फायदा BJP को होता है। राम नवमी से लेकर हनुमान जंयती तक सिर्फ दिल्ली में नहीं बल्कि 7 राज्यों में दंगे करवाये गए। BJP के अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक सभी लिखी हुई कहानी और व्हाट्सऐप मैसेद लेकर दंगों का फायदा लेने में लगे थे। BJP हिंसक भीड़ का संरक्षण करके मौत का नंगा नाच की स्क्रिप्ट तैयार कर रही है - ये शर्म की बात है। हिंसक भीड़ पागल होती है, उसकी बंदूक की गोली पर किसका नाम लिखा है, ये किसी को नहीं पता। 

End of Article