Delhi Heat: दिल्ली में 72 साल में अप्रैल के पहले सप्ताह में इतना अधिक तापमान दर्ज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 10, 2022, 12:30 AM IST

hottest day in Delhi in 72 years:भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से कहा गया कि 72 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया। आईएमडी ने रविवार को भी शहर में बेहद गर्म हवा का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

Delhi Heat: दिल्ली में 72 साल में अप्रैल के पहले सप्ताह में इतना अधिक तापमान दर्ज

नयी दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गर्म हवाओं का प्रकोप शनिवार को जारी रहा और अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि पिछले पांच साल में अप्रैल के महीने में सबसे ज्यादा था। इसके साथ ही गुरुग्राम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अप्रैल के महीने में अब तक का सर्वाधिक तापमान 29 अप्रैल 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम की चेतावनी के लिए आईएमडी ने चार रंगो का कोड इस्तेमाल करता है- हरा (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), पीला (धैर्य रखिये और जानकारी लेते रहिये), ऑरेंज (तैयार रहिये) और लाल (कार्रवाई करें।) सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो साल के इस समय के लिए सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा था।

गुरुग्राम का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

जो कि औसत से 10 डिग्री ज्यादा था। गुरुग्राम में अप्रैल के महीने में अब तक का सर्वाधिक तापमान 28 अप्रैल 1979 को 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने कहा कि मंगलवार से आकाश में बादल छाए रहने से बेतहाशा गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में पिछले सप्ताह से गर्म हवाएं चल रही हैं

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पालावत ने कहा कि यह असामान्य है कि अप्रैल के पहले 10 दिन में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

'अप्रैल में दिल्ली में सामान्य से अधिक गर्म हवा वाले दिन रहने की आशंका प्रबल है'

पालावत ने कहा कि अप्रैल में दिल्ली में सामान्य से अधिक गर्म हवा वाले दिन रहने की आशंका प्रबल है। उन्होंने कहा कि राजधानी में इस महीने गर्म हवा वाले तीन दिन दर्ज किये गए हैं और यह स्थिति आने वाले दो से तीन दिन और जारी रह सकती है। मैदानी इलाकों के लिए ‘गर्म हवा’ की स्थिति तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो। आईएमडी के अनुसार, ‘बेहद गर्म हवा’ की स्थिति तब होती है जब तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो।

End of Article