Delhi: नोएडा से गुरुग्राम तक बदमाश ने किया महिला का पीछा, फिर मार दिया चाकू, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2020, 07:18 AM IST

नोएडा से गुरुग्राम तक पीछा करने के बाद एक बदमाश ने महिला को उसके ससुराल वालों के सामने चाकू मार दिया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।

Delhi: नोएडा से गुरुग्राम तक बदमाश ने किया महिला का पीछा, फिर मार दिया चाकू, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला

नई दिल्ली : 23 वर्षीय एक शख्स ने एक महिला को उसके घर में घुसकर उसके पति और सास ससुर के सामने चाकू मार दिया। घटना सोमवार की है। बताया जाता है कि आरोपी नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक उस महिला का पीछा किया था। महिला नोएडा की बताई जाती है जिसकी शादी गुरुग्राम में हुई थी।

जब उसे पता चला कि उसकी शादी हो गई तो वह उसका पीछा करते-करते गुरुग्राम आ गया और इस वारदात को अंजाम दिया। महिला को फिलहाल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपी विवेक कुमार जो दिल्ली का रहने वाला है वह पड़ोसी के छत से कूद कर भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन गिर गया और और उसका संतुलन बिगड़ गया इसी क्रम में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे जमानत दे दी गई।

शादी के पहले महिला नोएडा को खोड़ा में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। विवेक रक्षा बंधन वाले दिन खोड़ा गया ताकि उसे देखने का मौका मिस ना कर पाए। लेकिन महिला उस दिन शाम में अपने पति के साथ नोएडा आई।

थोड़ी देर में वह गुरुग्राम के लिए निकल गई। इसी दौरान विवेक ने नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक उसका पीछा किया। उसके घर पहुंचकर विवेक ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया फिर दरवाजा खुलने पर अपने आप को महिला का दोस्त बताया और उससे मिलने चला गया।

महिला की सास ने बताया कि जैसे ही बहू सामने आई उसने उसके चेहरे और माथे पर चाकू फेर दिया। जब ससुर ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसपर भी हमला कर दिया। बाद में भागने के क्रम में उसे सेक्टर 14 की पुलिस ने पकड़ लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि वे दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे उसने कई बार महिला को प्रपोज किया था लेकिन हर बार उसने मना कर दिया था।

End of Article