Delhi corona app: दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया ऐप, मिल सकेगी अस्पतालों में बेड और वेंटिलेटर की जानकारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2020, 01:44 PM IST

Delhi corona app: दिल्ली सरकार ने 'दिल्ली कोरोना' ऐप लॉन्च कर दिया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इससे कोरोना रोगियों के लिए अस्पताल में बिस्तर और वेंटिलेटर की उपलब्धता पता चल सकेगी।

Delhi corona app: दिल्ली सरकार ने लॉन्च किया ऐप, मिल सकेगी अस्पतालों में बेड और वेंटिलेटर की जानकारी

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के मामलों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना के रोगियों की चिकित्सा देखभाल के बारे में चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि हमने पर्याप्त व्यवस्था की है। यदि आपके परिवार का कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है, तो उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

दिल्ली कोरोना ऐप लॉन्च

इसके अलावा उन्होंने कहा कि हम एक ऐसा ऐप लॉन्च कर रहे है जिससे आपको पता चलेगा कि कोरोना मरीजों के लिए किस अस्पताल में कितने बेड खाली हैं और किस अस्पताल में कितने वेंटीलेटर की व्यवस्था है। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप का नाम दिल्ली कोरोना है। 

केजरीवाल ने कहा, 'ऐसे उदाहरण हैं जहां लोग बिस्तर और चिकित्सा सुविधाओं की कमी की शिकायत कर रहे हैं, इसलिए स्पष्ट रूप से जानकारी में गड़बड़ी है क्योंकि आज भी लगभग 4100 बिस्तर खाली हैं। अगर कोई अस्पताल मरीज को भर्ती करने से मना कर देता है तो आप 1031 पर कॉल करें, हम आपको तुरंत उस अस्पताल में भर्ती करवाएंगे।' 

'हम कोरोनो वायरस से चार कदम आगे'

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए हम आज एक ऐप लॉन्च कर रहे हैं। यह आपको दिल्ली के सभी निजी और सरकारी अस्पतालों के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। यह आपको हर अस्पताल में खाली बेड की संख्या बताएगा। दिल्ली में कुल 302 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं, जिनमें से 210 खाली हैं। साथ ही कोविड-19 के मरीजों के लिए आरक्षित 6,731 में से 4,100 बिस्तर खाली हैं। ऐप पर ताजा जानकारी हर रोज दिन में 2 बार सुबह 10 और शाम को 6 बजे अपडेट की जाएंगी। हम कोरोनो वायरस से चार कदम आगे हैं। दिल्ली में कोरोनो वायरस के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन हमने बेड, आईसीयू और वेंटिलेटर की सारी व्यवस्था कर दी हैं। 

End of Article