Delhi News: दिल्ली के फ्लाईओवरों पर अब नहीं खाने पड़ेंगे हिचकोले, दिल्‍ली सरकार का मेंटिनेंस प्‍लान तैयार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 24, 2022, 09:38 PM IST

Delhi News: दिल्‍ली की आप सरकार इस समय राजधानी के फ्लाईओवरों के मेंटिनेंस कार्य में जुटी हुई है। छह फ्लाईओवरों का मेंटिनेंस जहां पहले से किया जा रहा है, वहीं अब 3 प्रमुख फ्लाईओवरों के मेंटिनेंस का बजट भी जारी कर दिया गया है।

Delhi News: दिल्ली के फ्लाईओवरों पर अब नहीं खाने पड़ेंगे हिचकोले, दिल्‍ली सरकार का मेंटिनेंस प्‍लान तैयार
Photo Credit: Twitter

Delhi News: राजधानी दिल्ली के फ्लाईओवर पर अब वाहनों को हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। दिल्‍ली की आप सरकार ने इन फ्लाईओवर के रिपेयर और मेंटिनेंस पर 52 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री व पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया की संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। इस बैठक में ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि, जिन फ्लाईओवर को मेंटिनेंस की जरूरत है, उन्‍हें जल्‍द से जल्‍द किया जाए। अधिकारी सभी फ्लाईओवर पर नजर बनाए रखें, जिससे लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की समस्या न हो।

इस बैठक में ही दिल्ली के 3 फ्लाईओवरों के मरम्मत कार्यों और मेंटिनेंस की मंजूरी भी दी गई। इस मेंटिनेंस पर कुल 52.35 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिया गए हैं कि, इन सभी कार्य को समय के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो। दिल्‍ली के अंदर पहले से ही छह मुख्य फ्लाईओवरों का मेंटिनेंस कार्य किया जा रहा है।  

इन फ्लाईओवरों का होगा मेंटिनेंस

इस बैठक में जिन तीन फ्लाईओवरों के मेंटिनेंस को मंजूरी दी गई है, उनमें - हनुमान सेतु फ्लाईओवर, नांगलोई फ्लाईओवर के एक्सपेंशन ज्वाइंट का रिप्लेसमेंट और मायापुरी फ्लाईओवर शामिल हैं। इन फ्लाईओवरों में हर समय हैवी ट्रैफिक रहता है, जिस वजह से पीडब्‍ल्‍यूडी विभाग इन फ्लाईओवरों के रिपेयर पर विशेष ध्‍यान दे रहा है। बता दें कि,  दिल्ली के अंदर लोक निर्माण विभाग द्वारा फ्लाईओवरों का नियमित रूप से रख-रखाव किया जाता है। इन फ्लाइओवरों पर हैवी ट्रैफिक के कारण कुछ छोटी-मोटी कमियां आ जाती हैं, जिनका प्रतिवर्ष पीडब्ल्यूडी विभाग के रिपेयर यूनिट द्वारा मेंटेनेंस किया जाता है। वहीं कई बार कुछ ऐसी खामियां भी आती हैं, जिनके सुधार के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है।  

इन फ्लाईओवरों पर पहले से चल रहा मेंटिनेंस

दिल्‍ली के अंदर कई ऐसे फ्लाईओवर हैं, जिन पर पहले से ही मेंटिनेंस का कार्य किया जा रहा है। इनमें जनक सेतु फ्लाईओवर, ओबराय-लोधी रोड- चिराग दिल्ली फ्लाईओवर, पुल मिठाई फ्लाईओवर, ओखला फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट फ्लाईओवर और नेहरु नगर फ्लाईओवर शामिल हैं।

End of Article