शहर

विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार और उपलब्धियां ही LBSN संस्कृत विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान: प्रो. मुरलीमनोहर पाठक

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली का द्वितीय दीक्षांत समारोह 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा। समारोह में करीब 1500 विद्यार्थी शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत संबोधन देंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह में 60 विभागीय टॉपरों को मेडल और तीन मेधावी विद्यार्थियों को शंकर दयाल शर्मा मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

Image

कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक की फाइल फोटो।

लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के द्वितीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण समारोह में करीब 1500 विद्यार्थी शामिल होंगे। भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को दीक्षांत संबोधन देंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय के वाचस्पति सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने समारोह की रूपरेखा, उद्देश्यों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान उसके भवनों या संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार, उपलब्धियों और समाज के प्रति उनके योगदान से बनती है।कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों को केवल उपाधि प्रदान करने का अवसर नहीं है।

यह उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन, साधना और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान के साथ उनके जीवन के एक नए चरण का शुभारंभ है। उपाधि प्राप्त करने के साथ विद्यार्थियों के सामने समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियां भी आती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अर्जित ज्ञान को संस्कार, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए राष्ट्रहित में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

news

द्वितीय दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने दी अहम जानकारियां।

ज्ञान के साथ संस्कार और उत्तरदायित्व जरूरी

प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करना है जो ज्ञानवान होने के साथ संस्कारवान, संवेदनशील और उत्तरदायी भी हो। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान-परंपरा में शिक्षा को सदैव जीवन-मूल्यों और लोककल्याण से जोड़ा गया है। आज आवश्यकता है कि इस दृष्टि को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान और समकालीन चुनौतियों के साथ समन्वित किया जाए।उन्होंने कहा कि श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान-परंपरा और संस्कृत की समृद्ध विरासत को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान एवं अनुसंधान के साथ जोड़ते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

60 विभागीय टॉपरों को मेडल, तीन को शंकर दयाल शर्मा मेडल

कुलपति ने बताया कि द्वितीय दीक्षांत समारोह में प्रत्येक विभाग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 60 विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पूरे विश्वविद्यालय में सर्वोच्च शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की स्मृति में शंकर दयाल शर्मा मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन तीन मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए वर्ष 2024, 2025 और 2026 में अध्ययन पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को आधार बनाया गया है। कुलपति ने कहा कि प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान विद्यार्थियों में उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करता है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

उपराष्ट्रपति की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरणा

प्रो. पाठक ने कहा कि भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन का मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत समारोह में उपस्थित होना विश्वविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति का दीक्षांत संबोधन विद्यार्थियों को शिक्षा पूर्ण करने के बाद उनके सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति नई प्रेरणा प्रदान करेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति भी समारोह की गरिमा को बढ़ाएगी।

दिसंबर 2023 में हुआ था प्रथम दीक्षांत समारोह

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह दिसंबर 2023 में आयोजित किया गया था। द्वितीय दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह आयोजन विद्यार्थियों की उपलब्धियों के सम्मान के साथ विश्वविद्यालय की शैक्षणिक दृष्टि, भारतीय ज्ञान-परंपरा और समकालीन शिक्षा के समन्वय की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगा।

प्रेस वार्ता में प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित

प्रेस वार्ता में दीक्षांत समारोह अनुश्रवण समिति के अध्यक्ष प्रो. देवी प्रसाद त्रिपाठी, वित्त अधिकारी श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव तथा प्रचार-प्रसार समिति के अध्यक्ष प्रो. अशोक थपलियाल सहित विश्वविद्यालय के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।प्रेस कॉन्फ्रेंस के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में डॉ. विजय गुप्ता, डॉ. दिनेश यादव, डॉ. सौरभ दुबे, डॉ. प्रवेश व्यास, डॉ. पुष्कर देव पुजारी, डॉ. सुदेश कुमार, डॉ. जीवन जोशी, डॉ. रमेश कुमार तथा डॉ. नवदीप जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने कहा कि द्वितीय दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ उन्हें ज्ञान, संस्कार और उत्तरदायित्व के साथ जीवन की नई यात्रा के लिए प्रेरित करने का अवसर है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि यहां से निकलने वाला प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के साथ भारतीय ज्ञान-परंपरा के मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में सार्थक योगदान दे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article