दिल्ली यूनिवर्सिटी ने दो छात्राओं से कथित स्टॉकिंग और उत्पीड़न के मामले में तीन छात्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यूनिवर्सिटी ने नमन, अभिनव कुमार और अभिमन्यु कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पाठ्यक्रम से निलंबित कर दिया है। यह मामला 23 सितंबर 2026 की शाम उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में हुई कथित घटना से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस की ओर से इस संबंध में दर्ज एफआईआर के आधार पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस की एफआईआर के आधार पर तीनों छात्रों को तत्काल प्रभाव से उनके कोर्स ऑफ स्टडीज से सस्पेंड किया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। वहीं, यूनिवर्सिटी की कार्रवाई के बाद अब तीनों छात्रों के खिलाफ आगे की प्रक्रिया पुलिस जांच और मामले के तथ्यों के आधार पर तय होगी।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 23 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक, दो छात्राएं हकीकत पार्क के पास से गुजर रही थीं, तभी एक सफेद SUV उनके पास आकर रुकी। आरोप है कि कार में सवार युवकों ने दोनों छात्राओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर एक छात्रा से कहा, ‘Red suits you’। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए उन्हें बदसलूकी न करने के लिए कहा।
पुलिस के अनुसार, विरोध करने के बाद आरोपी कथित तौर पर आक्रामक हो गए और छात्राओं के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद छात्राओं को एहसास हुआ कि SUV उनका पीछा कर रही है। जब उन्होंने ओल्ड गुप्ता कॉलोनी के पास गाड़ी का वीडियो बनाने के लिए रुकने की कोशिश की, तो SUV भी उनके पास रुक गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर छात्राओं को गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की, लेकिन एक छात्रा की दोस्त ने फोन निकाल लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
