Omicron Cases in Delhi : दिल्ली में ओमीक्रोन का दूसरा केस मिला, टीके की दोनों डोज ले चुका था व्यक्ति

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2021, 11:14 AM IST

Omicron cases in Delhi : डॉक्टरों का कहना है कि इस व्यक्ति में अभी हल्के लक्षण है और उसका इलाज किया जा रहा है। वापस आने के बाद यह व्यक्ति जिन लोगों के संपर्क में आया था, उनकी पहचान की जा रही है।

Omicron Cases in Delhi : दिल्ली में ओमीक्रोन का दूसरा केस मिला, टीके की दोनों डोज ले चुका था व्यक्ति
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमीक्रोन से संक्रमण का दूसरा केस दिल्ली में मिला है। यह व्यक्ति कोरोना टीके की दोनों खुराक ले चुका था। संक्रमित व्यक्ति जिमबाब्वे से लौटा था। वह दक्षिण अफ्रीका भी गया था। संक्रमित व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल में आइसोलेट कर रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इस व्यक्ति में अभी हल्के लक्षण है और उसका इलाज किया जा रहा है। वापस आने के बाद यह व्यक्ति जिन लोगों के संपर्क में आया था, उनकी पहचान की जा रही है। इसके साथ ही देश में ओमीक्रोन से संक्रमण की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। कुछ दिनों पहले दिल्ली में ओमीक्रोन का पहले केस मिला था। 

संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा

भारत आने पर एयरपोर्ट पर इस व्यक्ति की आरटीपीसीआर जांच हुई जिसमें वह कोरना पॉजिटिव पाया गया। हालांकि, आमीक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि अस्पताल प्रशासन की तरफ से अभी नहीं की गई है। अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि इसकी आधिकारिक पुष्टि सरकार की ओर से की जाएगी। यह व्यक्ति भारत आने के बाद जिन लोगों के संपर्क में आया फिलहाल उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि जिस व्यक्ति में ओमीक्रॉन के लक्षण मिले हैं, उसके शरीर में दर्द और बुखार है। उसके गले में सूजन भी है। डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति की हालत स्थिर है।

महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा केस

देश में ओमीक्रोन वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में मिले हैं। शुक्रवार को राज्य में इस वायरस से संक्रमण के सात नए केस मिले। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वायरस से डेढ़ साल का एक बच्चा भी संक्रमित हुआ है। ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट हो गई है। सरकार ने मुंबई में 11 और 12 दिसंबर के लिए धारा 144 लागू किया है। नियम का उल्लंघन करने वालों को सजा दी जाएगी। राज्य में ओमीक्रोन से संक्रमण के अब तक कुल 17 केस सामने आ चुके हैं।   

नाइजीरिया से लौटे भाई-बहन पॉजिटिव मिले

इंदौर में एक 14 वर्षीय लड़की और उसके आठ साल के भाई में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए भाई-बहन अपनी मां के साथ पिता से मिलने नाइजीरिया गए थे और दिल्ली होते हुए छह दिसंबर को इंदौर लौटे थे। उन्होंने बताया कि संक्रमित भाई-बहन के पिता नाइजीरिया में ही काम करते हैं, जबकि वे अपनी मां के साथ इंदौर में रहते हैं। संक्रमित भाई-बहन को इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग की जांच के लिए दिल्ली के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) भेजे जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि वे कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित हैं या नहीं।

End of Article