क्राइम

गड़बड़-झाला: लेने पहुंचा था नई नवेली बेगम, घूंघट उठाते ही निकली चीख; मौलवी ने भी...

उत्तर प्रदेश के मेरठ में धोखे से युवक का निकाह उसकी सास से करा दिया गया। आरोप है कि मौलवी ने जिस लड़की का नाम लिया उससे निकाह न कराकर उसकी मां से करा दिया गया। इस बात से पर्दा तब उठा जब युवक ने महिला का घूंघट उठाया।

Image

(फाइल फोटो)

मेरठ : जिले में एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी के दौरान दुल्हन के रूप में उसकी होने वाली पत्नी की बजाय धोखा देकर उसकी मां (सास) से निकाह करा दिया गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अब दावा किया है कि युवक ने अपनी शिकायत वापस ले ली है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। इससे पहले, मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी मोहम्मद अजीम (22) ने कहा था कि उसकी शादी शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की 21 वर्षीय मंतशा के साथ तय हुई थी। अजीम ने आरोप लगाया था कि रिश्ता तय करते समय मंतशा को दिखाया गया, लेकिन निकाह उसकी मां से करा दिया।

अजीम ने दावा किया कि इस निकाह को कराने के लिए पांच लाख रुपये लिए गए। पीड़ित ने कहा कि जब धोखे का पता चलने पर उन्होंने विरोध किया तो पीटकर भगा दिया गया। युवक ने इस संबंध में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की। मोहम्मद अज़ीम ने 17 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसका निकाह 31 मार्च को ईद वाले दिन शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय मंतशा से तय हुआ था। अज़ीम के मुताबिक, यह रिश्ता उसके बड़े भाई नदीम और भाभी शायदा ने तय कराया था।

मौलवी ने भी नहीं दिया ध्यान

शिकायत में अज़ीम ने बताया कि निकाह की रस्मों के दौरान मौलवी ने दुल्हन का नाम ‘ताहिरा’ पुकारा, जो मंतशा की मां हैं और 45 वर्षीय विधवा हैं। जब अज़ीम ने घूंघट उठाकर दुल्हन का चेहरा देखा, तो उसे यह धोखाधड़ी का अहसास हुआ। अज़ीम ने दावा किया कि जब उन्होंने इस धोखे का विरोध किया और दुल्हन को साथ ले जाने से मना कर दिया, तो उसके भाई-भाभी ने उसे बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

मामले की जांच कर रहीं ब्रह्मपुरी की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सौम्या अस्थाना ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता अजीम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह अभी इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article