Alwar gang-rape: राजस्थान के अलवर में 6 लोगों ने किया महिला के साथ गैंग रेप, वीडियो बना सोशल मीडिया पर डाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 19, 2020, 04:10 PM IST

Rajasthan: राजस्थान के अलवर में एक महिला के साथ 6 लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया और फिर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस ने 6 में से 3 को गिरफ्तार कर लिया है।

नई दिल्ली: राजस्थान के अलवर में 45 साल की महिला के साथ 6 लोगों ने कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया। महिला पड़ोसी राज्य हरियाणा में एक रिश्तेदार से मिलने के बाद अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रही थी, तभी इस घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने इस जघन्य अपराध का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।

14 सितंबर को महिला और उसका भतीजा हरियाणा के एक गांव में रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। तभी तेज धार वाले हथियारों से लैस 6 संदिग्धों ने उन्हें तिजारा में रोक लिया। आरोपियों में से एक ने महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया, जबकि अन्य ने उसके भतीजे को बंधक बना लिया और घटना का वीडियो बनाया। बाद में उन्होंने ने उसका यौन उत्पीड़न भी किया।

पीड़िता ने शुरू में अपराध की सूचना नहीं दी थी। हालांकि, संदिग्धों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज की। इसके बाद, पुलिस हरकत में आई और छह आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया।

End of Article