Kanpur Violence: कुल 24 की हुई गिरफ्तारी, 36 लोगों की हुई पहचान, 4 लोगों ने रची थी साजिश

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 4, 2022, 05:28 PM IST

Kanpur Violence: कानपुर हिंसा में पुलिस ने अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 36 लोगों की पहचान की गई है। साजिश में शामिल 4 लोगों की पहचान की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को हुए बवाल पर कानपुर सीपी विजय सिंह मीणा ने कहा कि कुछ लोगों ने कानपुर में सांप्रदायिक स्थिति को खतरे में डालने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित किया गया। 18 को कल गिरफ्तार किया गया था जबकि 6 को आज गिरफ्तार किया गया। 3 एफआईआर दर्ज की गईं। अब तक 36 की पहचान की गई है। 

उन्होंने कहा कि साजिश में शामिल 4 लोगों की पहचान की गई, उन्हें ट्रैक किया गया और गिरफ्तार किया गया। हम जांच करेंगे कि क्या उनका पीएफआई से कोई संबंध था। गैंगस्टर एक्ट व एनएसए के तहत कार्रवाई होगी व उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। अब तक गिरफ्तार किए गए चार लोगों में हयात जाफर हाशमी, जावेद अहमद खान, मोहम्मद राहिल और मोहम्मद सुफियान शामिल हैं। ये सभी मौलाना अली जौहर फैन्स एसोसिएशन से जुड़े हुए हैं। हम कोर्ट से उन्हें 14 दिन के रिमांड पर भेजने के लिए कहेंगे।

भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के कथित पैंगबर साहब पर विवादित टिप्पणी के बाद शुक्रवार दोपहर नमाज के बाद नई सड़क पर प्रदर्शन के बाद जमकर बवाल हुआ। 

एसपी 112 लखनऊ अजय पाल शर्मा ने आज कहा था कि अभी स्थिति सामान्य है। घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और लोगों की पहचान की जा रही है। विजय मीणा ने कहा था कि हमने अपने पुलिस कर्मियों को उनके संबंधित स्थानों पर सतर्क रहने के लिए कहा है और हम जनता के बीच विश्वास पैदा करने के लिए एक रूट मार्च और गश्त भी कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है, यातायात नियमित रूप से चल रहा है और कहीं भी कोई समस्या नहीं है।

प्रशांत कुमार (एडीजी, लॉ एंड ऑर्डर) ने कहा कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है। आरोपित की शिनाख्त की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, उनकी अवैध संपत्तियों को भी ध्वस्त किया जाएगा। 

End of Article