Madhya Pradesh: रेप का आरोपी करण मोरवाल गिरफ्तार, 6 महीने से था फरार, पिता हैं कांग्रेस विधायक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 26, 2021, 09:13 AM IST

Karan Morwal: रेप केस में आरोपी कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल का बेटा करण मोरवाल गिरफ्तार हो गया है। करण पर 25 हजार रुपए का इनाम था।

नई दिल्ली: टाइम्स नाउ नवभारत की खबर का बड़ा असर हुआ है। रेप का आरोपी कांग्रेस विधायक का बेटा करण मोरवाल गिरफ्तार हो गया है। पुलिस ने उज्जैन के पास से करण मोरवाल को गिरफ्तार किया है। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम था। वो करीब 6 महीने से फरार चल रहा था। करण मोरवाल के पिता मुरली मोरवाल बड़नगर से कांग्रेस के विधायक हैं।

टाइम्स नाउ के पास एक ऑडियो था, जिसमें करण मोरवाल को पीड़िता को धमकाते हुए सुना जा सकता है। पीड़ित लड़की ने TIMES NOW नवभारत से EXCLUSIVE बातचीत की थी। पीड़िता ने TIMES NOW नवभारत को उनकी आवाज उठाने के लिए पहले धन्यवाद दिया और फिर बताया कि आरोपी करण मोरवाल के पिता कांग्रेस एमएलए मुरली मोरवाल अपने बेटे को बचाने के लिए विवेक तन्खा से संपर्क में थे। यही नहीं पीड़िता के मुताबिक मुरली मोरवाल दावा कर रहे थे कि उनके लड़के की सेटिंग हो गई है और उसे जल्द कोर्ट से जमानत भी मिल जाएगी। इसके अलावा पीड़ित लड़की ने बताया कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने तन्खा को फोन किया था। साथ ही पीड़िता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील की वो आगे आकर उसकी मदद करें।  

रेप का आरोप लगाने वाली युवती युवा कांग्रेस की पदाधिकारी है। लड़की ने इंदौर में करण के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप है कि करण ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शादी का झांसा देकर भी आरोपी ने उसके साथ बार-बार रेप किया। लड़की की शिकायत पर करण के खिलाफ धार 376 के तहत केस दर्ज हुआ। लड़की का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए उसके परिवार पर दबाव बनाया जाता है। 

End of Article