Nit Warangal Placement record: देश में टॉप प्लेसमेंट रिकॉर्ड की बात होती है तो IIT और IIM का नाम सबसे ऊपर आता है लेकिन इन दिनों NIT वारंगल ने प्लेसमेंट का ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसकी चर्चा मीडिया सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT वारंगल (तेलंगाना) के प्लेसमेंट आंकड़ों ने भी सभी का ध्यान खींचा है। संस्थान के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग यानी CSE के एक छात्र को करीब 1.27 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज मिला है।
NIT वारंगल की ओर से जारी 2025-26 के प्लेसमेंट आंकड़ों के मुताबिक, बीटेक में कुल 947 छात्र शामिल थे। इनमें से 709 छात्रों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कुल 666 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इस तरह बीटेक का प्लेसमेंट प्रतिशत करीब 93.94 फीसदी रहा। इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए प्लेसमेंट सबसे अहम पहलुओं में से एक होता है।
CSE छात्र को मिला 1.27 करोड़ का पैकेज
NIT वारंगल की बीटेक शाखाओं में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। CSE में 118 छात्रों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। इनमें से 117 छात्रों का ऑन-कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इस ब्रांच का औसत पैकेज 30.21 लाख रुपये और मीडियन पैकेज 24.4 लाख रुपये रहा। इसी ब्रांच के एक छात्र को अधिकतम 127.3 लाख रुपये यानी 1.27 करोड़ रुपये का CTC मिला।
NIT वारंगल के आंकड़ों के अनुसार, सिविल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग और बायोटेक्नोलॉजी में अधिकतम पैकेज 37 लाख रुपये तक पहुंचा। इससे पता चलता है कि संस्थान में केवल कंप्यूटर साइंस ही नहीं, बल्कि दूसरी इंजीनियरिंग शाखाओं के छात्रों को भी अच्छे अवसर मिले हैं।
इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स में कैसा रहा पैकेज
कंप्यूटर साइंस के अलावा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग यानी EEE ब्रांच के एक छात्र को भी 1 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। इस ब्रांच में 108 छात्रों ने प्लेसमेंट के लिए हिस्सा लिया था, जबकि 94 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) का औसत पैकेज 23.27 लाख रुपये और मीडियन पैकेज 17.71 लाख रुपये रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 76.28 लाख का पैकेज
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग यानी ECE ब्रांच भी बेहतर प्रदर्शन करने वाली शाखाओं में शामिल रही। इस ब्रांच में अधिकतम पैकेज 76.28 लाख रुपये दर्ज किया गया। ECE के 112 छात्रों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया और 109 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इस ब्रांच का प्लेसमेंट प्रतिशत 97.32 फीसदी रहा।
