जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे खिलौनों और कार्टून की दुनिया में खोए रहते हैं, उस उम्र में अमेरिका की एक बच्ची ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। महज 3 साल की उम्र में बूट्सी डैरिंगटन ने दुनिया के सभी डिज्नी थीम पार्क घूम लिए और उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) में दर्ज हो गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस अनोखे रिकॉर्ड को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। सबसे हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि रिकॉर्ड बनाते वक्त उस बच्ची बूट्सी की उम्र सिर्फ 3 साल और 139 दिन थी।
11 महीने की उम्र में शुरू हुआ सफर
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) के मुताबिक, बूट्सी का यह खास सफर मार्च 2024 में शुरू हुआ था। उस समय वह सिर्फ 11 महीने की थीं। उनकी पहली मंजिल जापान का टोक्यो डिज़्नीसी (Tokyo DisneySea) था। इसके बाद परिवार ने अलग-अलग देशों और महाद्वीपों की यात्रा की। बूट्सी ने अमेरिका के कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा स्थित डिज्नी पार्कों का दौरा किया। इसके बाद उनका सफर यूरोप पहुंचा और आखिर में फ्रांस के डिज्नीलैंड पेरिस (Disneyland Paris) में जाकर पूरा हुआ। इस तरह बूट्सी ने दुनिया के सभी 12 डिज्नी पार्क घूमने का रिकॉर्ड बनाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
परिवार भी रहा साथ
इस पूरे एडवेंचर में बूट्सी अकेली नहीं थीं। उनके माता-पिता जेस और स्टीव के साथ उनके 5 साल के बड़े भाई ब्रिग्स भी लगातार उनके साथ रहे। अमेरिका के इडाहो में रहने वाला यह परिवार अपने ट्रैवल एक्सपीरियंस को सोशल मीडिया पर भी शेयर करता है। परिवार का मकसद छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने को लेकर लोगों को प्रेरित करना बताया है। बूट्सी के लिए इस सफर का सबसे खास हिस्सा उनके बड़े भाई ब्रिग्स के साथ समय बिताना रहा। दोनों ने अलग-अलग पार्कों में राइड्स और दूसरी एक्टिविटीज का भी आनंद लिया।
पेरिस में मिला रिकॉर्ड का सम्मान
बूट्सी की रिकॉर्ड यात्रा का अंत डिज्नीलैंड पेरिस (Disneyland Paris) में हुआ। यहीं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) के अधिकारी विलियम सिंडेन ने उनके रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि की। बूट्सी की मां जेस ने कहा कि बेटी को सभी पार्कों का अनुभव करते और अपने भाई के साथ यादें बनाते देखना उनके लिए बेहद खास था।
सोशल मीडिया (Social Media) पर हुई चर्चा
बूट्सी का रिकॉर्ड सामने आने के बाद सोशल मीडिया (Social Media) पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने बच्ची को बधाई दी, तो कुछ यूजर्स ने परिवार के खर्च और इतनी कम उम्र में यात्रा करने को लेकर सवाल भी उठाए। हालांकि, इस पूरे सफर की सबसे खास बात यह है कि बूट्सी ने बेहद कम उम्र में दुनिया के सभी डिज्नी पार्क घूमने का अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जापान से शुरू हुआ उनका सफर फ्रांस के पेरिस में पूरा हुआ और इसी के साथ 3 साल की इस बच्ची का नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया।
