क्राइम

रेवाड़ी में दिल दहला देने वाली घटना; सोने की जिद ले गई मासूम की जिंदगी, मां के लिव इन पार्टनर ने जमीन पर पटकर दी बेरहम मौत

नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर जहां देशभर में आस्था और भक्ति का माहौल है, वहीं हरियाणा के रेवाड़ी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी लिव-इन पार्टनर की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है।

Image

रेवाड़ी में मासूम की हत्या का आरोपी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rewari Child Murder Case: जहां एक ओर देशभर में नवरात्रि के पावन अवसर पर लोग मां दुर्गा के नौ रूपों की श्रद्धा से पूजा कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटी है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी लिव-इन पार्टनर की महज पांच साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। थाना मॉडल टाउन की प्रभारी सीमा कुमारी के अनुसार, बिहार निवासी रितिक रौशन पिछले कुछ समय से रेवाड़ी के चांदपुर गांव की ढाणी में एक महिला कविता के साथ किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कविता के पहले पति से तीन बच्चे हैं जिनमें से दो बच्चे बिहार में रहते हैं जबकि वह अपनी पांच साल की बेटी के साथ रितिक के साथ रह रही थी।

गुस्से में उठाया आरोपी ने यह कदम

13 सितंबर को कविता और रितिक बाजार गए थे, जहां कविता ने रितिक से सोने की ज्वेलरी खरीदने की जिद की। आर्थिक तंगी के कारण रितिक ने मना कर दिया जिससे दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में कविता रेलवे स्टेशन चली गई और बिहार लौटने की बात कही। रितिक उसे मनाने स्टेशन तक गया, लेकिन वह नहीं मानी और वापस नहीं आई। घर लौटने पर रितिक से बच्ची ने मां के पास जाने की जिद की। इसी बात पर रितिक ने गुस्से में आकर बच्ची को कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को कपड़े में लपेट कर बेड के नीचे छिपा दिया और फरार हो गया।

चार दिन बाद तक घर में पड़ा रहा शव

चार दिन बाद जब कमरे से तेज बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने कविता को सूचना दी। कविता ने मौके पर पहुंचकर देखा तो बेड के नीचे बच्ची का शव मिला। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी रितिक रौशन को गिरफ्तार कर लिया और उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह घटना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है और इसने सबको झकझोर कर रख दिया है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article