क्राइम

Thane Runover Case: इन्फ्लूएंसर प्रिया सिंह पर गाड़ी चढ़ाने वाला बड़े अफसर का बेटा अश्वजीत गिरफ्तार, SUV भी बरामद

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 17, 2023, 11:32 PM IST

Thane runover case: पुलिस के अनुसार, घोड़बंदर मार्ग पर एक होटल के निकट 11 दिसंबर को यह घटना हुयी थी, जब इन्फ्लूएंसर प्रिया सिंह गायकवाड़ से मिलने गयी थीं। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, वह होटल में गायकवाड से मिलने गई थी और इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गयी।

Image

प्रिया सिंह पर गाड़ी चढ़ाने वाला अश्वजीत गायकवाड़ गिरफ्तार

Thane runover case: महाराष्ट्र के ठाणे में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर प्रिया सिंह पर गाड़ी चढ़ाने वाला बड़े अफसर का बिगडैल बेटा अश्वजीत गायकवाड़ आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। अश्वजीत गायकवाड़ को उसके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उस SUV को पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिससे प्रिया सिंह को घायल किया गया था।

SIT ने की गिरफ्तारियां

मिली जानकारी अनुसार इस इस घटना की जांच के लिए गठित एसआईटी ने ये गिरफ्तारियां की हैं। एसआईटी ने मुख्य आरोपी अश्वजीत गायकवाड़ और उसके दो सहयोगियों रोमिल पाटिल और सागर शेडगे को गिरफ्तार कर लिया है। अपराध में इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया।

क्या बोली पुलिस

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) महेश पाटिल ने तीनों की पहचान अश्वजीत गायकवाड़, रोमिल पटेल और सागर शेडगे के रूप में की है। पाटिल ने एक बयान में कहा- "तीनों आरोपियों को रात आठ बजकर 50 मिनट पर गिरफ्तार किया गया। घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक लैंडरोवर को जब्त कर लिया गया है। कासारवडवली पुलिस आगे की जांच कर रही है।"

11 दिसंबर की घटना

पुलिस के अनुसार, घोड़बंदर मार्ग पर एक होटल के निकट 11 दिसंबर को यह घटना हुयी थी, जब इन्फ्लूएंसर प्रिया सिंह गायकवाड़ से मिलने गयी थीं। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, वह होटल में गायकवाड से मिलने गई थी और इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गयी। प्रिया ने दावा किया कि जब वह आरोपी की कार में से अपना सामान लेकर जाने लगीं, तभी गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने उन्हें कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी अश्वजीत गायकवाड़ तथा दो अन्य के खिलाफ IPC की धारा 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), एवं 279 (लापरवाही से वाहन चलाने) समेत विभिन्न संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है ।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article