पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा को आज भी राहत नहीं मिली और कोर्ट ने उसकी हिरासत को बढ़ा दिया है। ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप है। ज्योति कई बार पाकिस्तान भी जा चुकी है।
4 के लिए और हिरासत में
कोर्ट ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस हिरासत चार दिन के लिए बढ़ा दी है। ज्योति को 17 मई को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया गया था और पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था, जो आज खत्म हो गई। अदालत ने उसकी पुलिस हिरासत चार दिन के लिए और बढ़ा दी है। पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया कि यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा 2023 से एक पाकिस्तानी अधिकारी के संपर्क में थी।
पाकिस्तानी कर्मचारी के साथ संबंध
इस संबंध में एक सूत्र ने बताया कि जासूसी के संदेह में गिरफ्तार की गई मल्होत्रा नवंबर 2023 से पाकिस्तानी उच्चायोग में कार्यरत कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थी। दानिश को जासूसी में कथित रूप से संलिप्त होने के कारण 13 मई को भारत द्वारा निष्कासित कर दिया गया था। सूत्र ने बताया कि पुलिस ने मल्होत्रा के तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
क्या-क्या है आरोप
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण, खुफिया ब्यूरो और सैन्य खुफिया अधिकारियों ने ज्योति से पूछताछ की है। अभी तक पता चला है कि वह पाकिस्तान, चीन, बांग्लादेश और कुछ अन्य देशों की यात्रा कर चुकी है। हिसार निवासी 33 वर्षीय ज्योति यूट्यूब चैनल ‘ट्रैवल विद जो’ चलाती थी और उसे पिछले सप्ताह न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि मल्होत्रा के खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मल्होत्रा उन 12 लोगों में शामिल है, जिन्हें पिछले दो हफ्तों में जासूसी के आरोप में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। इसने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के दौरान भी मल्होत्रा कथित तौर पर दानिश के संपर्क में थी।
