एक्सप्लेनर्स

पाकिस्तानी जासूस ज्योति मल्होत्रा की पूरी कुंडली, पुराना है पाकिस्तान से रिश्ता; कभी बहावलपुर से पंजाब आया था परिवार

Youtuber Jyoti Malhotra: ज्योति मल्होत्रा, हरियाण के एक आम परिवार से संबंध रखती है। आजादी से पहले ज्योति मल्होत्रा का परिवार पाकिस्तान में रहता था और विभाजन के दौरान भारत आ गया था।

Image

ज्योति मल्होत्रा का परिवार, पाकिस्तान से आया था भारत

Youtuber Jyoti Malhotra: पाकिस्तान के लिए जासूस करने के आरोप में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा की एक के बाद एक कहानी सामने आ रही है। किस तरह से हरियाणा की एक लड़की पैसों के पीछे इतनी पागल हुई कि पाकिस्तान तक पहुंच गई। कभी रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली ज्योति मल्होत्रा, पाकिस्तान के लिए जासूसी करने लगी। जिस भारत ने सबकुछ दिया, जहां उसका जन्म हुआ, जहां वो पली बढ़ी, उसी से गद्दारी कर बैठी और पाकिस्तान के लिए भारत में काम करने लगी।

पाकिस्तान से आया था परिवार

ज्योति मल्होत्रा का पाकिस्तान से पुराना खानदानी संबंध है। ज्योति मल्होत्रा का परिवार असल में पाकिस्तान के बहावलपुर का रहने वाला था, वही बहावलपुर, जहां जैश का ठिकाना था, जिसे भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उड़ा दिया था। आजादी के समय में विभाजन के दौरान हजारों परिवार भारत में आकर बसे थे। उन्हीं में से एक परिवार ज्योति मल्होत्रा का था, जो पाकिस्तान के बहावलपुर से आया था, जो बाद में पंजाब के फरीदकोट में बस गया। ज्योति के दादा अपने परिवार के साथ पाकिस्तान से आए थे। पहले पंजाब रहे फिर हिसार। हिसार में ज्योति के दादा की सिविल अस्पताल में नौकरी लग गई। ज्योति के पिता कम पढ़े लिखे हैं।

कैसे पाकिस्तान तक पहुंची ज्योति मल्होत्रा

दरअसल ज्योति मल्होत्रा ट्रेवलिंग वीडियो बनाती थी। इसी क्रम में वो 2023 में पाकिस्तान जाने की कोशिश में लग गई, वीजा के लिए अप्लाई किया। यहां पाक दूतावास में उसकी मुलाकात पाकिस्तान के उच्चायोग के प्रमुख एहसान-उर्र-रहमान अलियास दानिश से हुई। दानिश ने ही सारा खेल किया, पहले उसने ज्योति से नजदिकियां बढ़ाईं, फोन पर बात हुई। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दानिश ने ज्योति को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। उसी ने ज्योति का पाकिस्तान दौरा करवाया था। यही नही ज्योति दानिश की पत्नी से भी मिली थी, दानिश ने ही मरियम नवाज शरीफ से भी मिलवाया था। ज्योति दो बार पाकिस्तान जा चुकी है, इसी दौरान उसका संपर्क पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी आईएसआई से कराया गया और उसे भारत की खुफिया जानकारी लाने की जिम्मेदारी दी गई।

mariyam

मरियम नवाज शरीफ के साथ ज्योति मल्होत्रा

FIR में क्या-क्या

सिविल लाइंस पुलिस थाने में 16 मई को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 2023 में मल्होत्रा पाकिस्तान उच्चायोग में एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में आयी, जहां वह पड़ोसी देश की यात्रा के लिए वीजा लेने गई थीं। प्राथमिकी में कहा गया है कि मल्होत्रा ने दो बार पाकिस्तान की यात्रा की थी और उसने दानिश के परिचित अली अहवान से मुलाकात की थी, जिसने वहां उसके रहने की व्यवस्था की थी। इसमें कहा गया है कि मल्होत्रा दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में कई बार दानिश से मिली और पता चला है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े लोगों के संपर्क में थी। उसने दानिश के परिचित अली अहवान से मुलाकात की थी, जिसने वहां उसके रहने की व्यवस्था की थी। इसमें कहा गया है कि अहवान ने ज्योति मल्होत्रा की पाकिस्तानी सुरक्षा और खुफिया अधिकारियों से मुलाकात करायी। प्राथमिकी के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और स्नैपचैट के जरिए उनसे संपर्क में थी और संवेदनशील जानकारी देती थी। तेरह मई को भारत ने उच्चायोग में काम करने वाले पाकिस्तानी अधिकारी को जासूसी में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में निष्कासित कर दिया। बाद में शुक्रवार को मल्होत्रा को हिसार में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने क्या कहा

ज्योति मल्होत्रा पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिवसीय सैन्य संघर्ष के दौरान नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी के कथित तौर पर संपर्क में थी। हिसार के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने कहा कि मल्होत्रा के पास सैन्य या रक्षा अभियानों से जुड़ी किसी भी जानकारी तक सीधी पहुंच नहीं थी, जिसके बारे में कहा जा सके कि हो सकता है उसने वह साझा की हो, लेकिन वह सीधे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े लोगों के संपर्क में थी। एसपी सावन ने हरियाणा के हिसार में मीडियाकर्मियों से कहा कि निश्चित रूप से, वे उसे ‘अपने सम्पर्क’ के रूप में तैयार कर रहे थे। मल्होत्रा यूट्यूब पर सक्रिय अन्य ‘इन्फ्लूएंसर’ के संपर्क में थी। वे भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि यह भी (एक तरह का) युद्ध है, जिसमें वे इन्फ्लूएंसर को अपने साथ जोड़कर अपने आख्यान को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं।

jyoti

ज्योति मल्होत्रा और दानिश

ज्योति के घरवालों ने क्या कहा

ज्योति मल्होत्रा के पिता ने बताया कि वह कुछ काम है ऐसा बोलकर चार- पांच दिनों के लिए दिल्‍ली जाने की बात कहकर जाती थी। उन्‍होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि वह पाकिस्‍तान कब गई। यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के पिता हरीश मल्होत्रा ने बताया कि रविवार की रात ज्योति को पुलिस लेकर घर आई थी और कुछ कपड़े लेकर यहां से गए। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान ज्‍योति के पिता ने बताया कि उन्‍हें नहीं मालूम था कि ज्योति क्या करती थी। उन्‍होंने कहा कि वह कभी भी आर्थिक रूप से घर में मदद नहीं करती थी, भाई के पेंशन से घर का गुजारा चलता है। हिसार से किसी अन्‍य के वीडियो बनाने में ज्‍योति की मदद करने के सवाल पर उन्‍होंने बताया कि हिसार का कोई भी व्यक्ति उसके साथ वीडियो बनाने में नहीं लगा हुआ था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article