क्राइम

गोंडा में जमीन विवाद ने ली दो जिंदगियां; पत्नी को करंट से मौत के घाट उतारा, ससुर को भी मार डाला

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुम्हरनपुरवा राजापुर गांव में आरोपी पवन प्रजापति ने अपनी पत्नी संगीता को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया और ससुर मंगल का गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। इलाज के दौरान ससुर की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संपत्ति के दस्तावेज से नाम हटाए जाने पर आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

जमीन को लेकर गोंडा में दोहरी हत्या

Photo : Times Now Digital

Gonda News: गोंडा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। परसपुर थाना क्षेत्र के कुम्हरनपुरवा राजापुर गांव में जमीन विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और ससुर की गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। इलाज के दौरान ससुर ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पत्नी की करंट लगाकर हत्या

घटना रविवार शाम की है जब आरोपी पवन प्रजापति अपनी ससुराल पहुंचा। वहां उसकी पत्नी संगीता और ससुर मंगल से जमीन को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर पवन ने अपनी पत्नी संगीता (28) को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया।

ससुर पर जानलेवा हमला

पत्नी की हत्या का विरोध करने पर पवन ने अपने ससुर मंगल का गला दबाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर गोंडा जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मंगल की भी मौत हो गई।

जमीन विवाद बना कारण

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मंगल ने आठ साल पहले बेटी संगीता की शादी पवन से की थी। शादी के बाद उन्होंने अपनी जमीन का बैनामा दामाद और बेटी के नाम कर दिया था। लेकिन कुछ दिन पहले ही कुछ मनमुटाव के कारण उन्होंने दस्तावेज से दामाद का नाम हटाकर केवल बेटी के नाम कर दिया। इसी बात से नाराज होकर पवन ने यह खौफनाक कदम उठाया।

गिरफ्तार हुआ आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और साक्ष्य जुटाए गए। ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई। ग्राम प्रधान कमलेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पवन को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस का बयान

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपी ने संपत्ति को लेकर पत्नी और ससुर दोनों की हत्या की है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article