मेरठ : लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला के साथ हैवानियत की हद पार कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति ने अपने परिजनों और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर न सिर्फ उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि तमंचे के बल पर उसके सिर के बाल काट दिए। बाद में तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया गया।
चरित्रहीन पति ने मार कर घर से निकाला
पीड़िता शीबा, पत्नी अमीर आजम, निवासी शैखान चौक मलियाना ने शिकायत पत्र में बताया है कि उसका विवाह साल 2008 में अमीर आजम पुत्र मौ० आकिल, निवासी श्याम नगर, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। शीबा के तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 14, 13 और 2 वर्ष है। शीबा ने आरोप लगाया है कि उसका पति अमीर आजम चरित्रहीन और खर्चीले स्वभाव का व्यक्ति है, जिसके कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। पति द्वारा बार-बार एक लाख रुपये मायके से लाने की मांग की जा रही थी। विरोध करने पर उसे लगातार गालियाँ दी जाती थीं, मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
25 मई 2025 को जब शीबा ससुराल पहुंची तो उसने परिजनों को अपने साथ हो रही प्रताड़ना और दहेज की मांग के बारे में बताया। इसके बाद, आरोप है कि पति अमीर आजम, ससुर मौ० आकिल, सास शमा, देवर आदिल, देवर फैसल और अमीर आजम का रिश्तेदार महमूद (पुत्र नामालूम) – सभी ने मिलकर अमीर का पक्ष लिया और शीबा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि महमूद ने उसके कमर पर तमंचा तान दिया, और फिर देवर आदिल और फैसल ने उसे जबरन नीचे बैठाकर उसके सिर के सभी बाल काट दिए। इसके बाद उसके पति अमीर ने उसे तीन बार "तलाक" कहकर धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया।
बच्ची को घर से बाहर फेंका
इतना ही नहीं, कुछ देर बाद दरवाजा खोलकर उसकी दो वर्षीय बेटी सामिया को भी बाहर फेंक दिया गया और दरवाजा बंद कर लिया गया। किसी तरह अपनी बेटी को संभालते हुए शीबा अपने पिता के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता द्वारा समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन अमीर आजम और उसके परिजनों ने स्पष्ट कह दिया कि उन्होंने शीबा को तलाक दे दिया है और अब उनका उससे कोई लेना-देना नहीं है। घटना से आहत शीबा अपनी मासूम बच्ची को लेकर मेरठ SSP ऑफिस पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। उसने अपनी और बच्ची की सुरक्षा के लिए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
