क्राइम

चिकन की जिद बनी मौत का फरमान; मां की बेरहम पिटाई ने ली बेटे की जान, बेटी अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के पालघर जिले में मामूली-सी फरमाइश पर मां ने मासूम बेटे को इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

Image

महाराष्ट्र के पालघर में मां ने बेटे की ली जान

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर दिया है। मां जिसे बच्चों के लिए ममता और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, वही मौत की वजह बन गई। मामूली-सी फरमाइश पर उसने अपने मासूम बेटे को इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

'खाने में चिकन बनाने की जिद की थी'

मिली जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली वारदात पालघर जिले के धनसार काशीपाड़ा इलाके में रविवार देर रात घटी। मृतक बच्चे की पहचान चिन्मय गणेश घुमड़े (7) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिन्मय ने अपनी मां से खाने में चिकन बनाने की जिद की थी। इस साधारण-सी मांग पर मां पल्लवी घुमड़े (40) गुस्से से बेकाबू हो गई और बेटे पर टूट पड़ी।

बहन को अस्तपाल में कराना पड़ा भर्ती

गुस्से में अंधी हुई मां ने न केवल बेटे को बुरी तरह पीटा, बल्कि बड़ी बेटी को भी नहीं बख्शा। मारपीट इतनी निर्दयता से की गई कि मासूम चिन्मय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बहन गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

महिला गिरफ्तार

घटना की भनक लगते ही पालघर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

इलाके के लोग इस हादसे से सकते में हैं। पड़ोसियों का कहना है कि पल्लवी अक्सर बच्चों के साथ कठोर व्यवहार करती थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी बेरहमी मौत का कारण बन जाएगी। यह घटना न सिर्फ पालघर, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि गुस्सा और असंयम किस तरह मासूम जिंदगियां लील सकता है। बहरहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article