क्राइम

जमीला खातून बनी ज्योति! शिव भक्ति के कारण पति ने दिया था तीन तलाक, अब अपना ली हिंदू धर्म

झारखंड की जमीला खातून अब ज्योति देवी बन गई है। जमीला को उसके शौहर ने सिर्फ इसलिए तीन तलाक दे दिया था, क्योंकि वो शिव की पूजा करती थी।

Image

शिव भक्त ने छोड़ा मुस्लिम धर्म

शिव की भक्ति में एक मुस्लिम लड़की ऐसी डूबी कि उसे और कुछ दिखाई ही नहीं देने रहा। शौहर से लेकर घर वाले तक उसे शिव की पूजा के लिए मना करते रहे, यहां तक कि शौहर ने तीन तलाक दे दिया, लेकिन झारखंड की जमीला खातून हार नहीं मानी। शिव की पूजा करती रही और जब सच्चा प्यार मिला तो जमीला से ज्योति बन गई।

अगस्त्य मुनि आश्रम में की शादी

झारखंड के बोकारो की रहने वाली 18 वर्षीय युवती जमीला खातून ने सनातन धर्म अपनाकर अपने प्रेमी प्रकाश रविदास के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। बरेली स्थित प्रसिद्ध अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार और अग्नि को साक्षी मानकर दोनों परिणय सूत्र में बंधे। धर्म परिवर्तन और शुद्धिकरण के बाद युवती का नया नाम ज्योति देवी रखा गया है।

पति ने दे दिया था तलाक

झारखंड के बोकारो जिला अंतर्गत ग्राम लोधी नीच टोला (कुर्कनालो) निवासी आबिद अंसारी की पुत्री जमीला खातून ने बताया कि उसकी भगवान शिव में गहरी आस्था थी और वह पहले से ही उनकी पूजा-अर्चना करती थी। जब इस बात की जानकारी उसके पूर्व शौहर और ससुराल पक्ष को हुई, तो वे उसके साथ मारपीट व प्रताड़ना करने लगे। जमीला के अनुसार, पूजा-पाठ छोड़ने से मना करने पर शौहर ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं और अंततः तीन तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया।

मिला सच्चा प्यार

तीन तलाक का दंश झेलने और बेसहारा होने के बाद प्रकाश रविदास ने जमीला का साथ दिया। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत और प्रेम बढ़ा, जिसके बाद उन्होंने हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह करने का निर्णय लिया। स्थानीय स्तर पर विरोध और पारिवारिक अड़चनों की आशंका के चलते दोनों झारखंड से उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचे और अगस्त्य मुनि आश्रम के आचार्य पंडित के.के. शंखधार से संपर्क साधा।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ विवाह

अगस्त्य मुनि आश्रम में आचार्य के.के. शंखधार ने सनातन परंपरा के अनुसार सबसे पहले युवती का शुद्धिकरण कराया। पवित्र गंगाजल और गोमूत्र का आचमन कराकर संकल्प दिलाया गया। इसके बाद विधिवत गायत्री मंत्र का जाप कराकर सनातन धर्म की दीक्षा दी गई। शुद्धिकरण के पश्चात जमीला का नाम बदलकर ज्योति देवी रखा गया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों के सात फेरे करवाकर विवाह संपन्न कराया गया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article