दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। स्पेशल सेल/ईस्टर्न रेंज की टीम ने मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) में चल रही कारतूस बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फाजिल, जमीर और इलियास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि फाजिल नाम का सप्लायर गाजीपुर फ्लाईओवर, दिल्ली पर हथियार पहुंचाने वाला है। मौके पर जाल बिछाकर फाजिल को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 4 पिस्टल और 166 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में फाजिल ने बताया कि वह यह सामान जमीर से लेता था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर जमीर को रामपुर से गिरफ्तार किया और उसके पास से 20 कारतूस बरामद किए। जमीर ने खुलासा किया कि असली सप्लाई मुरादाबाद के इलियास से होती है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर इलियास को पकड़ा और उसके पास से 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और एक पिस्टल बरामद की।
इलियास की निशानदेही पर मुरादाबाद में चल रही एक गुप्त फैक्ट्री का पता चला। जब टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापा मारा तो वहाँ से लेथ मशीन, ग्राइंडिंग मशीन, 257 खाली कारतूस, 354 बुलेट लीड्स, 350 खाली शेल, गन पाउडर और पीतल की रॉड बरामद हुईं। पुलिस का कहना है कि बरामद कच्चे माल से लगभग 1000 कारतूस तैयार किए जा सकते थे।
