Delhi Crime: दिल्ली में रोडरेज की एक घटना में एक टैक्सी ड्राइवर की मौत हो गई है। कारण बस इतना था कि ड्राइवर ने आरोपियों को सड़क पर साइड देने से इनकार कर दिया था, बस इसी को लेकर बहस हुई और आरोपियों ने ड्राइवर को चाकू मार दिया। जिसमें उसकी मौत हो गई।
महरौली की घटना
घटना साउथ दिल्ली के महरौली की है। मिली जानकारी के अनुसार महरौली थाना इलाके के कालूराम चौक के पास एक कैब ड्राइवर अपनी टैक्सी लेकर पहुंचा था। इसी दौरान वहां स्कूटी पर सवार तीन लड़के पहुंचे, जहां पर साइड देने को लेकर ड्राइवर और लड़कों के बीच विवाद हो गया। पहले बहस हुई और फिर गाली गलौच शुरू हो गया।
बहस के बाद मारा चाकू
मामला बढ़ता ही गया। ड्राइवर और लड़कों के बीच ऐसी बहस हुई कि बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच एक लड़के ने चाकू से कैब ड्राइवर के ऊपर हमला कर दिया। चाकू, ड्राइवर के सीने में लगी और वह वहीं पर गिर गया। ड्राइवर के गिरते ही आरोपी लड़के वहां से भाग गए। इसके बाद किसी तरह से ड्राइवर को एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, फिर वहां से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
क्या बोली पुलिस
डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम की एक कंपनी का कैब ड्राइवर था। एसएचओ पीसी यादव की देखरेख में पुलिस टीम ने मामले में छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक नाबालिक को हिरासत में लिया गया है और बाकी की तलाश की जा रही है। आज मृतक की बॉडी का पोस्टमार्टम एम्स ट्रामा में किया जाएगा।
