झारखंड के हिरणपुर थाना इलाके में एक महिला की अर्धनग्न लाश मिलने का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक रेशमा के प्रेमी दाउद को ही गिरफ्तार किया है। इस हत्या की साजिश उसके प्रेमी ने ही रची थी। महिला की लाश 14 नवंबर को मिली थी।
पुलिस ने दावा किया है दाउद ही रेशमा का कातिल है और उसने इस हत्या के मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
दाउद के यहां काम करती थी रेशमा
मिली जानकारी के अनुसार जिस लड़की की मौत हुई है, वो दाउद अंसारी के यहां ही काम करती थी। यहीं दाउद की नजर रेशमा पर पड़ी और उसने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। रेशमा से दाउद ने वादा किया कि वो उससे शादी करेगा। रेशमा उसके झांसे में आ गई। इस दौरान दाउद ने रेशमा के साथ शारीरिक संबंध भी बना लिए।
शादी के लिए बना रही थी दबाव
इसी बीच रेशमा गर्भवती हो गई। अब दाउद उससे दूर रहने की कोशिश करने लगा। यहां तक कि उसे दुत्कार कर भगा भी दिया, लेकिन रेशमा नहीं मानी और शादी के लिए दवाब बनाने लगी। जिसके बाद दाउद ने मेला दिखाने के बहाने उसे जंगल के पास ले गया और गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से उसे गोद भी दिया।
जब मिली लाश
13 नवंबर को दाउद ने रेशमा का कत्ल किया था और 14 नवंबर को पुलिस के पास मामला पहुंच गया, जिसके बाद उसने लाश की बरामदगी करके आगे की जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में जब दाउद का नाम सामने आया तो पुलिस ने उसे बुलाकर पूछताछ की। पहले तो वो मुकरा लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो वो टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
