Anwarul Azim Murder : बांग्लादेशी सांसद अनवारुल अजीम की हत्या क्यों हुई, इसका खुलासा हो गया है। दरअसल, सांसद की हत्या में कोई और नया बल्कि उनका एक दोस्त शामिल था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि अनवारुल की हत्या कराने के लिए करीब 5 करोड़ रुपए की सुपाई दी गई थी। अधिकारी ने बताया कि अनवारुल के इस दोस्त का एक फ्लैट कोलकाता में है और वह शायद इस समय अमेरिका में है। पुलिस का कहना है कि यह फ्लैट कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में है। बांग्लादेशी सांसद को अंतिम बार इसी फ्लैट में दाखिल होते देखा गया।
13 मई से कोलकाता में लापता थे अनवारुल
बांग्लादेश के गृह मंत्री असदुज्जमां खान ने बुधवार को कहा कि 13 मई से कोलकाता में लापता अनवारुल की हत्या हुई है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने कहा था कि मामले की जांच राज्य सीआईडी कर रही है। अधिकारी ने बताया, 'यह एक सुनियोजित हत्या थी। सांसद के एक पुराने मित्र ने उन्हें मारने के लिए भारी रकम (लगभग पांच करोड़ रुपये) का भुगतान किया था।
फ्लैट पर खून के धब्बे मिले
सीआईडी के आईजी अखिलेश चतुर्वेदी ने बुधवार को कहा था कि पुलिस के पास 'विश्वसनीय इनपुट थे कि अनार की संभवत: हत्या कर दी गई है लेकिन अभी तक उनका शव बरामद नहीं हुआ है।' यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस को कोलकाता के बाहरी इलाके के न्यू टाउन में स्थित अपार्टमेंट (जहां सांसद के 13 मई को वहां आखिरी बार मौजूद होने का पता चला था) में खून के धब्बे मिले हैं, चतुर्वेदी ने कहा, 'हमारी फॉरेंसिक टीम संदिग्ध अपराध स्थल की जांच कर रही है। इस बारे में कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगी।'
12 मई को कोलकाता पहुंचे थे
लापता सांसद कथित तौर पर इलाज कराने के लिए 12 मई को कोलकाता पहुंचे थे। उनकी तलाश छह दिन बाद तब शुरू हुई जब उत्तरी कोलकाता के बारानगर के निवासी और बांग्लादेशी राजनेता के परिचित गोपाल विश्वास ने 18 मई को स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। अनार यहां आने के बाद बिस्वास के घर पर रुके थे। अपनी शिकायत में बिस्वास ने कहा कि अनार 13 मई की दोपहर को डॉक्टर से मिलने के लिए अपने बारानगर आवास से निकले। उन्होंने कहा था कि वह रात के खाने के लिए घर वापस आएंगे। बिस्वास ने दावा किया कि बांग्लादेश के सांसद से 17 मई से संपर्क नहीं हुआ था। इस वजह से उन्हें एक दिन बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
