Asian Para Games 2026: शुक्रवार को जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की शुरुआत एक बार फिर अच्छी रही। महिलाओं के सिंगल्स SU5 फाइनल में भारत की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी थुलसिमथी मुरुगेसन को चीन की यांग किउक्सिया के हाथों सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
पेरिस पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली 24 वर्षीय थुलसिमथी मुरुगेसन को इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में किउक्सिया के खिलाफ 18-21, 11-21 से हार मिली। वह अभी दो और फाइनल में भी हिस्सा लेने वाली हैं और वहां भी उनसे पदक की उम्मीद रहेगी।
मिक्स्ड डबल्स SL3-SU5 फाइनल में थुलसिमथी मुरुगेसन और नितेश कुमार का मुकाबला इंडोनेशिया की लीनी रात्री ओक्टिला और हिकमत रमदानी से होगा। इसके बाद, महिलाओं के डबल्स SL3-SU5 गोल्ड मेडल मैच में थुलसिमथी मुरुगेसन, मानसी गिरीशचंद्र जोशी के साथ मिलकर चीन की यांग किउक्सिया और जिओ ज़ुक्सियन का सामना करेंगी।
पैरा आर्चरी में भावना-पूरा को जोड़ी को भी सिल्वर मेडल
वहीं, दूसरी तरफ महिलाओं के पैरा रिकर्व डबल्स फाइनल में, भारतीय तीरंदाज भावना चौधरी और पूजा जत्यान को चीन की गाओ जिहान और वांग ज़ुएक्वियन से 0-6 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। ओकाज़ाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में खेले गए इस मुकाबले में, भारतीय जोड़ी तीनों सेट हार गई। उन्होंने क्रमशः 31, 30 और 29 अंक बनाए, जबकि चीन की जोड़ी ने 38, 35 और 39 अंक हासिल किए। चीनी जोड़ी ने तीनों सेट जीतकर 6-0 से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत अब एशियन पैरा गेम्स में 100 मेडल के करीब पहुंच चुका है। भारत ने अब तक जापान में जारी इस आयोजन में 21 गोल्ड मेडल, 26 सिल्वर मेडल और 41 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं जिससे उनके पदकों की संख्या 88 हो चुकी है।
