पत्‍नी से अफेयर के शक में ले ली दोस्‍त की जान, फिर एक्‍सीडेंट का रचा ड्रामा, पोस्‍टमार्टम से हुआ मर्डर का खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 28, 2021, 06:14 PM IST

यूपी के अंबेडकरनगर जिले में पुलिस ने अपने ही दोस्‍त की हत्‍या के सिलसिले में एक शख्‍स और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पत्‍नी से अफेयर के संदेह में उसने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

पत्‍नी से अफेयर के शक में ले ली दोस्‍त की जान, फिर एक्‍सीडेंट का रचा ड्रामा, पोस्‍टमार्टम से हुआ मर्डर का खुलासा
Photo Credit: Representative Image

लखनऊ : उत्‍तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में पुलिस ने एक शख्‍स को अपने ही दोस्‍त की हत्‍या के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने न केवल अपने बिजनेस मैन दोस्‍त की हत्‍या की, बल्कि उसे हादसे का रूप देने की कोशिश भी की। बताया जा रहा है कि पत्‍नी से अफेयर के संदेह में उसने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया। बिजनेस मैन का शव क्षतिग्रस्‍त कार में ड्राइवर सीट पर पाया गया था।

अंबेडकरनगर जिले में पुंठार हाईवे पर बिजनेस मैन का शव तीन सप्‍ताह पहले गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कार में पाया गया था। उसकी खोपड़ी की हड्डी टूट गई थी। शुरू में माना जा रहा था कि व्यस्त हाईवे पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हुई, लेकिन जब उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो मामले ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में कहा गया कि गला घोंटने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हुई।

पत्‍नी से अफेयर का था शक

पुलिस ने इस मामले में शनिवार को आरोपी व उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शख्‍स को अपने कारोबारी दोस्‍त के पत्‍नी के साथ विवाहेतर संबंध का संदेह था। उसका कहना था कि वह श्‍ख्‍स अक्‍सर उसकी गैर-मौजूदगी में उसके घर आता था और पत्‍नी से मिलता-जुलता था। वह उसकी पत्‍नी से फोन से भी संपर्क में था, जिसके कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने 31 अक्टूबर को अपने दोस्‍त को पार्टी के लिए घर बुलाया और जमकर शराब पिलाई। फिर उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्‍या कर दी। फिर शव को कार में ड्राइविंग सीट पर बैठने की तरह रखा और हाईवे की तरफ चल दिया। वहां सामने से ट्रक को आते देख दोनों ने गाड़ी का एक्सीलेटर तेज कर दिया और फिर खुद बाहर कूद गए।

पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

इस तरह उन्‍होंने घटना को इस तरह से पेश करने की साजिश की, मानो एक्‍सीडेंट हुआ हो। लेकिन पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट से मामले में कुछ और ही खुलासा हुआ और फिर आरोप‍ियों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो खौफनाक जानकारी सामने आई।

End of Article