कासगंज कांड: मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, हाल ही में गई थी कॉन्‍सटेबल की जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 21, 2021, 07:15 AM IST

Kasganj encounter: उत्तर प्रदेश के कासगंज की पुलिस ने उस आरोपी को एनकाउंटर में खत्म कर दिया है, जिसने हाल ही में पुलिस टीम पर हमला किया था। इसमें एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया था।

कासगंज कांड: मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, हाल ही में गई थी कॉन्‍सटेबल की जान

नई दिल्ली: हाल ही में उत्तर प्रदेश के कासगंज में शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें कॉन्‍सटेबल की जान चली गई थी और इंस्‍पेक्‍टर अशोक पाल लहूलुहान अवस्‍था में मिले थे। आज सुबह कासगंज पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में मार दिया गया है।

कासगंज पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी, 'जनपद में पुलिसकर्मी की हुई सनसनीखेज हत्या का मुख्य अभियुक्त एक लाख का इनामियां मोती पुलिस मुठभेड में ढेर, कब्जे से लूटी गई सरकारी पिस्टल, खोखा व जिंदा कारतूस .9mm, 01 अवैध तमन्चा 315 बोर मय खोखा व जिन्दा कारतूस के बरामद।' 

पुलिस पार्टी पर हमले की यह घटना 9 फरवरी की है, जब एक इंस्‍पेक्‍टर और कॉन्‍सटेबल शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कासगंज के नागरा धीमर गांव में गए थे। वहां शराब माफियाओं ने दोनों पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया, जिसके बाद उनके बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई। बाद में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो उन्‍हें इंस्‍पेक्‍टर अशोक पाल लहूलुहान अवस्‍था में खेत में पड़े मिले। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ा तो कॉन्स्टेबल देवेंद्र का शव भी मिला, जिनकी शराब माफियाओं ने बेरहमी से हत्‍या कर दी थी।

End of Article