Goa: रिलेशनशिप खत्म करने से फैसले से खफा हुआ युवक, समुद्र तट पर चाकू मारकर की प्रेमिका की हत्या

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 20, 2022, 10:56 AM IST

गोवा के समुद्र तट पर एक महिला के शव मिलने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में एक 26 साल के युवक की गिरफ्तारी की गई है।

Goa: रिलेशनशिप खत्म करने से फैसले से खफा हुआ युवक, समुद्र तट पर चाकू मारकर की प्रेमिका की हत्या

पणजी : दक्षिण गोवा के वेलसांव समुद्र तट पर एक 19 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल समुद्र तट पर पुलिस को एक महिला का शव मिला था जिसके बाद से पुलिस इसे मर्डर का मामला बता रही थी। शव मिलने के एक दिन बाद गुरुवार को आरोपी किशन कलंगुटकर (26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

कॉलेज के दिनों से था अफेयर

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अभिषेक धानिया ने कहा, 'आरोपी एक कॉलेज में पढ़ने वाली युवती से प्यार करता था और बुधवार को उसके साथ समुद्र तट पर गया था।' उन्होंने बताया कि आरोपी महिला से नाराज था क्योंकि उसने उससे कहा था कि वह उसके साथ रिलेशनशिप को जारी नहीं रखना चाहती है। इसके बाद से किशन परेशान रहने लगा और उसने महिला को ठिकाने लगाने की योजना बना डाली।

कई बार चाकू से किए वार

धनिया ने बताया, 'इससे गुस्साए आरोपी ने पीड़िता को कई बार चाकू मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और बाद में उसके शव को समुद्र तट पर स्थित झाड़ियों में फेंक दिया।' उन्होंने कहा कि शव मिलने के बाद वास्को पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

आपको बता दें कि कुछ साल पहले भी दक्षिण गोवा के समुद्र तट पर इसी तरह का मामला सामने आया था जहां 28 वर्षीय एक ब्रिटिश महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। बाद में पुलिस ने स्थानीय निवासी विकास भगत को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस पूछताछ में विकास ने बताया था कि महिला ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने से इंकार कर दिया था जिसके बाद उसने गुस्से में बीयर की बोतल महिला को दे मारी।

End of Article