Assam: लॉकडाउन में सब्जी बेचने लगा था मजदूर, इस बात पर 5 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2020, 11:27 AM IST

Vegetable seller lynched in Assam: असम के कामरूप जिले में 5 लोगों के एक गैंग ने एक सब्जी वाले की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पीड़ित लॉकडाउन के कारण मजदूरी छोड़ सब्जी बेचने लगा था।

Assam: लॉकडाउन में सब्जी बेचने लगा था मजदूर, इस बात पर 5 लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला

नई दिल्ली: असम के एक व्यक्ति को सोमवार को 5 लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने इस घटना में शामिल होने के आरोप में दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित एक मजदूर था जो कि लॉकडाउन के दौरान सब्जियां बेचने लगा था। मृतक की पहचान सनातन डेका के रूप में की गई है। डेका इमामी लिमिटेड के असम प्लांट में मजदूर था जो कामरूप जिले में स्थित है।

कोरोनो वायरस लॉकडाउन के मद्देनजर फैक्ट्री को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसके बाद मजदूर ने सब्जियां बेचने का फैसला किया। आरोपियों ने सनातन पर हमला तब किया जब उसकी साइकिल ने कथित रूप से एक आरोपी की कार को टक्कर मार दी। यह हादसा कामरूप जिले के हाजो के पास मोनाकुची गांव में हुआ।

वाहन चलाने वाले दो व्यक्तियों की पहचान जलील अली और खाबीर अली के रूप में की गई है। दोनों की डेका के साथ बहस हुई। इसके बाद तीन अन्य युवक और आए और जलील और खाबीर के साथ डेका की पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय लोग डेका को अस्पताल ले गए जहां उसने दम तोड़ दिया।

ये हैं पांचों आरोपी

जिन पांच आरोपियों की पहचान की गई है, वो हैं- फैजुल हक, युसूफ उद्दीन अहमद, खाबीर अली, जलील अली और फिरजहां अली। आरोपियों की पहचान डेका के पिता ने की। पुलिस ने दो आरोपियों फैजुल हक और युसूफ उद्दीन अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। तीन अन्य छिपे हुए हैं, लेकिन पुलिस ने कहा कि वे जल्द ही उन्हें ट्रैक कर लेंगे। 

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

असम के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) जीपी सिंह ने ट्विटर पर लिखा कि दोनों प्रमुख अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आरोपी व्यक्तियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

End of Article