MP News: आजकल के स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के दौर में रील का चस्का बहुत से लोगों को है। वह हर छोटी, बड़ी बात पर रील बनाने लगते हैं। कुछ गाते हुए रील बनाते हैं तो कुछ नाचते हुए। लेकिन रील का यही शौक लोगों की जान के लिए भी मुसीबत बनता जा रहा है। कई लोग रील बनाने के चक्कर में अपनी जान भी खतरे में डाल देते हैं। कुछ लोग अपने घर की चीजें खुलेआम रील में दिखाते हैं, जो उनके घर की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ Youtuber रचना गुर्जर के साथ।
अगर आप भी रील बनाने के शौकीन हैं तो आपको Rachna Gurjar के घर पर हुई लाखों की चोरी की इस खबर को गौर से पढ़ना चाहिए और इससे सीख लेनी चाहिए। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रचना के घर पर 6 जून की रात पूरी प्लानिंग के तहत डकैती की घटना हुई है। रिपोर्टों की मानें तो चोरों ने रचना के वीडियो ध्यान से देखे थे! उन्होंने बड़ी ही बारीकी से उनके गहनों वाले वीडियो देखने के बाद चोरी की प्लानिंग की और फिर घटना को अंजाम दिया।
रचना गुर्जर के घर से क्या-क्या चोरी हुआ?
यही कारण है कि चोरों ने रचना गुर्जर के घर से सिर्फ ज्वेलरी ही नहीं, बल्कि कैश भी उड़ा लिया। उनके घर से लगभग 2 लाख रुपये कैश चोरी हुआ। इसके साथ ही सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी और चांदी के जेवर भी चोरों ने पार कर लिया।
चोरों को घर में सीसीटीवी की थी जानकारी?
चोरों को रचना गुर्जर के घर में लगे सीसीटीवी की भी जानकारी थी। संभवत: उनके ही किसी वीडियो में चोरों ने सीसीटीवी की लोकेशन देखी हो। चोरी के लिए घर में घुसने पर उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को दूसरी तरफ मोड़ दिया था। घर में घुसने के लिए उन्होंने बाउंड्री की फेंसिंग काटी थी।
घर वालों को कमरों में बंद किया
शातिर चोरों ने अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए घर के कमरों को बाहर से लॉक कर दिया, ताकि परिवार का कोई भी सदस्य बाहर न आ जाए और वह पकड़े न जाएं। सीसीटीवी मुड़े होने के कारण चोरी की यह घटना रिकॉर्ड भी नहीं हो पाई। रचना गुर्जर जब सुबह सोकर जगीं, तब उन्हें चोरी की घटना की जानकारी मिली।
रचना ने बताया क्या-क्या चोरी हुआ?
रचना ने बताया कि उनके घर चोरी की यह घटना 6 जून की रात करीब 2 बजे हुई। उन्होंने बताया कि जोरों ने घर की बाउंड्री पर लगी तारों की बाड़ को काटकर घर में एंट्री की। रचना ने बताया कि पुलिस को जानकारी देने पर वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जानकारी दी कि चोर उनके घर से मंगलसूत्र, उनके पति की सोने की चार अंगूठियां और अन्य सामान चुरा ले गए।
आपके लिए सीख
रचना गुर्जर के घर हुई इस चोरी की घटना से आपको भी सीख लेनी चाहिए। अगर आप भी सोशल मीडिया पर अपने घर के वीडियो उनकी तरह डालते हैं तो खतरा आपको भी है। इसके अलावा अगर आप वेकेशन की तस्वीरें डालते हैं तो आप चोरों को साफ संदेश दे रहे हैं कि आपका घर उनके लिए खुला है।
