लखनऊ

'मैंने हार स्वीकार कर ली, जनादेश का सम्मान करता हूं', केदारनाथ सिंह ने मानी हार, PM मोदी के संसदीय क्षेत्र में BJP को दोहरा झटका

UP MLC Election Results: यूपी एमएलसी चुनाव में वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने 50,529 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 33,530 वोट मिले। हार स्वीकार करते हुए केदारनाथ ने जनादेश का सम्मान किया। वाराणसी की शिक्षक सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा।

Image

वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हुए एमएलसी चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार केदारनाथ सिंह की हार। PTI

Photo : PTI

UP MLC Election Results: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट पर हुए एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने 50,529 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट करके अपनी हार स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि वो जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्हें , 33,530 वोट मिले।

करीब 50 घंटे चली मतगणना और हंगामे के बीच, केदारनाथ सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने संकल्प लिया कि चुनावी परिणाम से परे, वे हमेशा स्नातक समाज की समस्याओं और जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।

बीजेपी का जताया आभार

केदारनाथ सिंह ने अपनी पोस्ट में वाराणसी खंड के सम्मानित स्नातक मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि जिन मतदाताओं ने अपना अमूल्य मत देकर उन पर विश्वास जताया और आशीर्वाद दिया, वे सभी उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और अपने गठबंधन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, देवतुल्य कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों का भी हृदय से धन्यवाद किया।

'जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम का मोहताज नहीं होता'

केदारनाथ सिंह ने अपने समर्थकों को भरोसा दिलाया कि वे स्नातक समाज के हितों, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता और असफलता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अभिन्न अंग हैं, लेकिन जनसेवा का संकल्प किसी परिणाम का मोहताज नहीं होता। उन्होंने अपने साथ खड़े रहे लोगों के विश्वास और सहयोग को अपनी शक्ति बताया।

वाराणसी से बीजेपी को दोहरा झटका

गौरतलब है कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीजेपी को दोहरा झटका लगा है। केदारनाथ सिंह की हार से पहले वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिष्ठित सीट पर भी बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article