देश

Exclusive: 'केरल में 20 लाख दोहरे वोट हटाए गए', CM सतीशन बोले- माकपा या भाजपा किसी ने नहीं की शिकायत

VD Satheesan Exclusive Interview: केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में 'वोट चोरी' और मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि केरल में किसी भी राजनीतिक दल ने वोट चोरी की शिकायत नहीं की।

Image

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन

Photo : Times Now Digital

VD Satheesan Exclusive Interview: केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कांग्रेस के 'वोट चोरी' के मुद्दे पर गुरुवार को टाइम्स नाउ के साथ खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि केरल में 'वोट चोरी' या मतदाता सूची की गड़बड़ी की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई, क्योंकि राज्य में सभी राजनीतिक दल बूथ स्तर पर बहुत सतर्क रहते हैं।

मुख्यमंत्री सतीशन ने टाइम्स नाउ के मैनेजिंग एडिटर जक्का जैकब (Zakka Jacob) के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा, ''माकपा, कांग्रेस और भाजपा समेत किसी भी राजनीतिक दल ने केरल में वोट चोरी का कोई आरोप नहीं लगाया। राज्य में लगभग 20 लाख दोहरे वोट हटाए गए।''

उन्होंने आगे बताया कि अक्सर शादी के बाद महिलाओं का नाम ससुराल के पते पर जुड़ने के बाद भी मायके की मतदाता सूची में नाम बना रहता है, जिससे यह दोहरापन आता है। इस बार मेहनत करके इन दोहरे वोटों को सुधारा गया।

भाजपा पर बरसे सतीशन

मुख्यमंत्री सतीशन ने आगे देशभर में भाजपा के समीकरण को समझाते हुए कहा कि केरल में भाजपा की राजनीतिक स्थिति कमजोर है, इसलिए यह राज्य उनके चुनावी निशाने पर नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उन राज्यों में प्रयास किए जहां कड़ा मुकाबला था, जैसे पश्चिम बंगाल (तृणमूल के खिलाफ), कर्नाटक (कांग्रेस के खिलाफ), महाराष्ट्र (कांग्रेस व एनसीपी के खिलाफ) और उत्तर प्रदेश (सपा व कांग्रेस के खिलाफ)।

'UDF ने दर्ज कराई थी शिकायत'

उन्होंने आगे बताया कि माकपा, कांग्रेस, भाजपा सहित किसी भी राजनीतिक दल ने एसआईआर को लेकर शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, उन्होंने यूडीएफ का उल्लेख जरूर किया, जिसने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि महज यूडीएफ ने शिकायत दर्ज कराई, जिसे राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सौहार्दपूर्ण तरीके से तुरंत ठीक कर दिया।

जब मुख्यमंत्री से एकतरफा फैसले लेने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने 'वन-मैन शो' के आरोपों को तत्काल प्रभाव से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कैबिनेट में हर मुद्दे पर विस्तृत बहस और चर्चा होती है। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय विधेयक का उदाहरण देते हुए कहा कि नए विश्वविद्यालय विधेयक पर ढाई घंटे चली बैठक में एक घंटे तक गहन बहस हुई, जिसके बाद सभी मंत्रियों की राय को शामिल करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

पिनराई विजयन को लेकर क्या बोले सतीशन

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की कार्यशैली से तुलना करते हुए कहा कि विजयन जेब से पर्ची निकालकर पढ़ते थे और सब चुपचाप स्वीकार कर लेते थे, जबकि मौजूदा सरकार में हर मंत्री को अपनी राय रखने और बहस करने की पूरी आजादी है।

'पार्टी में कोई मतभेद नहीं'

सतीशन ने आगे स्पष्ट किया कि पार्टी या गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है। कैबिनेट में वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के प्रतिनिधि भी शामिल हैं और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जैसा युवा नेता भी उनसे सवाल पूछ सकता है और आलोचना कर सकता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article