शहर

Greater Noida West के लिए कोढ़ में खाज, चारमूर्ति अंडरपास के साथ ही अब हिंडन ब्रिज पर काम शुरू

नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाले हिंडन पुल पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। 45 दिनों तक पुल की एक लेन बंद रहेगी, इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोग जो पहले से ही ट्रैफिक जाम से जूझ रहे हैं, उनकी परेशानी और बढ़ेगी।

Image

हिंडन ब्रिज पर रिपेयर काम शुरू, ग्रेटर नोएडा वेस्ट वासियों की बढ़ी परेशानी

अगर आप ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) में रहते हैं या उधर से आना-जाना होता है तो आप यहां के ट्रैफिक जाम से अच्छी तरह से वाकिफ होंगे। यहां के प्रमुख चार मूर्ति चौक पर अंडरपास बनाया जा रहा है, जिसके कारण पूरे इलाके में हर समय ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय पीक आवर्स में यहां गाड़ियां घंटों तक रेंगती रहती हैं। जब तक चार मूर्ति चौक पर अंडरपास निर्माण का काम पूरा नहीं हो जाता और यह चालू नहीं हो जाता है, तब तक हालात सुधरने वाले नहीं हैं। बड़ी बात यह है कि इसमें अभी महीनों का समय लगेगा। इस बीच आपकी परेशानी बढ़ाने के लिए हिंडन पुल पर भी रिपेयरिंग का काम शुरू हो गया है, जिसके लिए 1 लेन को अगले 45 दिन के लिए बंद रखा जाएगा।

नोएडा सेक्टर 122 में पर्थला चौक से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर चौक को जोड़ने वाला मार्ग क्षेत्र का सबसे व्यस्त मार्ग है। यहां हिंडन नदी पर पुल (Hindon Bridge) पार करते ही आप ग्रेटर नोएडा में पहुंच जाते हैं। लेकिन इस पुल पर सुबह और शाम के समय भारी जाम रहता है। इसी पुल पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। लगभग 30 साल पुराने इस पुल की सड़क का ऊपरी हिस्सा काफी टूटा-फूटा हुआ है, जिसके चलते नोएडा प्राधिकरण ने तत्काल मरम्मत कराने का फैसला लिया है। इस काम के चलते अगले 45 दिनों तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

सिर्फ दो लेन पर चल रहा ट्रैफिक

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार पुल के दोनों ओर सड़क पर बड़े पैमाने पर गड्ढे और उबड़-खाबड़ हिस्से थे। इसे ठीक करने के लिए मैस्टिक रिपेयर का कार्य शुरू किया गया है। इसी मरम्मत कार्य के पहले चरण में पार्थला से गौर चौक जाने वाले मार्ग की एक लेन को बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक को बाकी बची दो लेनों से चलाया जा रहा है। पहली लेन का काम पूरा होने के बाद दूसरी और तीसरी लेन पर भी मरम्मत कार्य किया जाएगा।

कल सा शुरू हो चुका है मरम्मत का काम

सोमवार 8 जून को नई यातायात व्यवस्था का ट्रायल किया गया, कल यानी मंगलवार 10 जून से औपचारिक तौर पर काम शुरू भी कर दिया गया है। प्राधिकरण के कार्यवृत्त-7 के अंतर्गत यह परियोजना संचालित की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मौके पर यातायात पुलिस की तैनाती भी की जाएगी।

स्थानीय निवासियों का क्या है कहना?

हालांकि, स्थानीय निवासियों को आशंका है कि इस मरम्मत कार्य के कारण पहले से जूझ रहे ट्रैफिक संकट में और भी बढ़ोतरी होगी। इकोविलेज-2 के निवासी अमित कुमार का कहना है कि पुल की सड़क लंबे समय से खराब है और यहां पर मरम्मत कार्य बहुत ही जरूरी था, लेकिन इसके चलते सुबह और शाम को ट्रैफिक से भी जूझना पड़ेगा। हालांकि, उनका कहना है कि जरूरी सड़क रिपेयर होने के बाद आवाजाही आसान हो जाएगी।

इन लोगों को होगी ज्यादा परेशानी

जैसा कि हमने ऊपर ही बताया, हालात इसलिए भी ज्यादा चिंताजनक हैं कि चार मूर्ति चौक पर छह लेन के अंडरपास का निर्माण कार्य अभी जारी है। इसके चलते ताज हाईवे के दोनों ओर पहले से यातायात प्रतिबंध लागू हैं। यहां गाड़ियों को सर्विस लेन से गुजारा जा रहा है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा, सूरजपुर, क्रॉसिंग रिपब्लिक और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की ओर आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों की परेशानी में इजाफा ही होने वाला है।

गौर सिटी की पाम ओलंपिया निवासी रिचा त्रिपाठी का कहना है कि गौर चौक पर पीक आवर्स में पहले ही 30 से 40 मिनट तक जाम रहता है। उनका कहना है कि मरम्मत कार्य रात के समय या कम ट्रैफिक वाले घंटों में किया जाना चाहिए था, ताकि लोगों की परेशानी कम हो।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!