अध्यात्म

भीष्म पंचक होने वाले है शुरू, जानिए कब से कब तक रहेंगे ये 5 दिन; इस दौरान क्या करें और क्या न करें

Bhishma Panchak 2026: कार्तिक माह की देवउठनी एकादशी से लेकर देव दीपावली यानी पूर्णिमा तक रहते हैं। आइए जानते हैं कि इस साल भीष्म पंचक कब से कबतक हैं।

Image

कब से शुरू होंगे भीष्म पंचक

Bhishma Panchak 2026: हिंदू धर्म में कार्तिक मास को पूजा-पाठ, स्नान, दान और दीपदान के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। इस महीने के अंतिम पांच दिन भीष्म पंचक कहलाते हैं। इस दौरान व्रत भी रखा जाता है। यह व्रत भगवान विष्णु और भीष्म पितामह को समर्पित है। इन पांच दिनों में भगवान विष्णु की पूजा, मंत्र जाप, दीपदान और भीष्म पितामह को जल तथा अर्घ्य दिया जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा और नियमपूर्वक यह व्रत करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है। हालांकि ये पंचक उन पंचकों से अलग हैं, जो हर माह में पांच दिन के लिए लगते हैं। वैसे इस दौरान वे पंचक भी चल रहे हैं। जो 17 नवंबर मंगलवार से शुरू हुए थे। मंगलवार से शुरू होने के कारण ये अग्नि पंचक थे, जो 21 नवंबर तक रहेंगे।

साल 2026 में भीष्म पंचक की शुरुआत 20 नवंबर, शुक्रवार से हो रही है। इसका समापन 24 नवंबर, मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन होगा। यानी इस बार भीष्म पंचक पांच दिनों तक मनाए जाएंगे। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड में इस व्रत की कथा, पूजा विधि, मंत्र, उपवास और दान के नियम भी बताए गए हैं। आइए जानते हैं भीष्म पंचक 2026 की सही तारीख, धार्मिक महत्व और इस दौरान किए जाने वाले नियम क्या हैं।

भीष्म पंचक 2026 कब से शुरू होंगे?

भीष्म पंचक की शुरुआत कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी से होती है और इसका समापन कार्तिक पूर्णिमा पर होता है। साल 2026 में यह व्रत 20 नवंबर से 24 नवंबर तक चलेगा।

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट पर शुरू होकर 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर समाप्त होगी।

भीष्म पंचक 2026 की तारीखें

  • शुरुआत: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
  • दूसरा दिन: 21 नवंबर 2026, शनिवार
  • तीसरा दिन: 22 नवंबर 2026, रविवार
  • चौथा दिन: 23 नवंबर 2026, सोमवार
  • समापन: 24 नवंबर 2026, मंगलवार

भीष्म पंचक क्यों मनाया जाता है?

भीष्म पंचक का संबंध महाभारत के भीष्म पितामह से है। स्कंद पुराण के वैष्णव खंड के कार्तिक माहात्म्य के 32वें अध्याय में इस व्रत की कथा दी गई है। महाभारत युद्ध के बाद भीष्म पितामह बाणों की शय्या पर लेटे हुए थे। इस दौरान उन्होंने पांडवों को राजधर्म, मोक्षधर्म और दानधर्म की शिक्षा दी। भगवान श्रीकृष्ण और पांडवों ने भी उनके उपदेश सुने। कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन भीष्म पितामह ने जल की इच्छा जताई। तब अर्जुन ने अपने बाण से धरती पर प्रहार किया और वहां से गंगा जल की धारा प्रकट हुई। इस जल से भीष्म पितामह की प्यास बुझी।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने भीष्म पितामह से कहा कि आज से कार्तिक पूर्णिमा तक लोग उन्हें जल और अर्घ्य अर्पित करेंगे। भगवान ने श्रद्धालुओं को इन पांच दिनों में विशेष व्रत करने का विधान भी बताया। इसी व्रत को भीष्म पंचक व्रत नाम दिया गया।

भीष्म पंचक क्यों हैं खास

स्कंद पुराण के अनुसार, भीष्म पंचक पांच दिनों का विशेष व्रत है। इसे भगवान वासुदेव से प्राप्त व्रत बताया गया है। इसमें भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा, भीष्म पितामह को अर्घ्य, मंत्र जाप, हवन और दान का विधान है। स्कंद पुराण के कार्तिक माहात्म्य अध्याय 32 के श्लोक 32 में इस व्रत को विधिपूर्वक पूरा करने पर अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य मिलता है। इस व्रत को पूरी विधि से करने वाले व्यक्ति का पितृदोष समाप्त हो जाता है।

इन पांच दिनों में भगवान विष्णु की पूजा करने से भक्त को पुण्य की प्राप्ति होती है। भीष्म पितामह को जल अर्पित किया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन व्रत का समापन, ब्राह्मणों को भोजन और दान करना चाहिए। ऐसा करने से पितृ भी प्रसन्न होते हैं।

भीष्म पंचक की पूजा विधि क्या है

व्रत की शुरुआत कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन सुबह स्नान करके संकल्प लेने से करें। इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें। पांचों दिन पूजा, मंत्र जाप और नियमों का पालन करें।

सुबह स्नान और संकल्प: एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र धारण करें। भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए पांच दिनों तक भीष्म पंचक व्रत रखने का संकल्प लें। इस दौरान मध्याह्न स्नान और पितरों को तिल, जौ तथा चावल से तर्पण भी करें।

भीष्म पितामह को जल और अर्घ्य दें: स्नान के बाद भीष्म पितामह का स्मरण करें और उन्हें जल अर्पित करें। इसके लिए यह मंत्र पढ़ें।

वैयाघ्रपादगोत्राय सांकृत्यप्रवराय च।

अनपत्याय भीष्माय उदकं भीष्मवर्मणे॥

वसूनामवताराय शंतनोरात्मजाय च।

अर्घ्यं ददामि भीष्माय आजन्मब्रह्मचारिणे॥

मंत्र के साथ भीष्म पितामह को जल और अर्घ्य अर्पित करें। उनकी पूजा करें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान करें।

भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें: घर के मंदिर में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करके पूजा करें। भगवान का जल, शहद, दूध और घी से अभिषेक करें। इसके बाद चंदन, केसर, कपूर और सुगंधित द्रव्यों से भगवान का पूजन करें। उन्हें फूल, धूप और दीप अर्पित करें।

अखंड दीपक जलाएं: स्कंद पुराण के अनुसार, भीष्म पंचक के पांचों दिनों तक भगवान विष्णु के सामने घी का दीपक जलता रहना चाहिए। भगवान को परम अन्न यानी दूध और चावल से बनी खीर का भोग लगाएं।

मंत्र जाप और हवन करें: पूजा के दौरान भगवान वासुदेव के मंत्र 'ॐ नमो वासुदेवाय' का 108 बार जाप करें। इसके बाद घी में मिले तिल, चावल और जौ से हवन करें। हवन के समय 'ॐ नमो विष्णवे स्वाहा' मंत्र से भी आहुति दें।

अलग-अलग पुष्प अर्पित करें: स्कंद पुराण में पांच दिनों की पूजा के दौरान भगवान विष्णु के अलग-अलग अंगों की पूजा का विधान भी है। पहले दिन भगवान के चरणों में कमल के फूल अर्पित करें। दूसरे दिन घुटनों पर बेलपत्र चढ़ाएं। इसके बाद भगवान के मस्तक पर मालती के फूल अर्पित करके पूजा करें।

भूमि पर शयन करें: इन पांच दिनों में रात्रि के समय भगवान विष्णु का स्मरण करें और पूजा के बाद भूमि पर शयन करें। पूरे व्रत के दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करें।

भीष्म पंचक में क्या खाना चाहिए?

स्कंद पुराण के कार्तिक माहात्म्य के अनुसार, भीष्म पंचक का व्रत कठोर नियमों के साथ किया जाता है। इसमें पहले चार दिनों तक उपवास का विधान है। पंचगव्य, दूध, फल और हविष्य अन्न को व्रत के आहार में रखा गया है। ग्रंथ में दिन के अनुसार पंचगव्य के घटकों का भी विधान दिया गया है। पांचवें दिन स्नान और भगवान केशव की पूजा के बाद ब्राह्मणों को भोजन कराकर दक्षिणा देने का विधान है। इसके बाद व्रत का समापन किया जाता है।

व्रत रखने वाले लोग अपनी परंपरा के अनुसार फल, दूध, सब्जियां और हविष्य अन्न ग्रहण करते हैं।

भीष्म पंचक में क्या करें

भीष्म पंचक के पांचों दिन भगवान विष्णु की पूजा और भीष्म पितामह का स्मरण करें।

  • सुबह स्नान करके व्रत का संकल्प लें।
  • भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें।
  • भीष्म पितामह को जल और अर्घ्य अर्पित करें।
  • 'ॐ नमो वासुदेवाय' मंत्र का 108 बार जाप करें।
  • भगवान विष्णु के सामने घी का दीपक जलाएं।
  • तुलसी दल, फूल, धूप और खीर का भोग अर्पित करें।
  • तिल, चावल और जौ से हवन करें।
  • ब्रह्मचर्य का पालन करें और भूमि पर शयन करें।
  • अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र और धन का दान करें।
  • कार्तिक पूर्णिमा पर ब्राह्मणों को भोजन कराकर दक्षिणा दें।

भीष्म पंचक में क्या नहीं करना चाहिए?

स्कंद पुराण के अनुसार, इस व्रत में संयम और सात्विकता का पालन करना जरूरी है। इन पांच दिनों में मांस, मदिरा और शारीरिक संबंधों का त्याग कर दें।। व्रतधारी को बुरे विचारों और गलत कार्यों से दूर रहना चाहिए। पूजा और उपवास के दौरान नियमों का पालन करें।

  • पांच दिनों तक मांस और मदिरा का सेवन न करें।
  • शारीरिक संबंधों से दूर रहें और ब्रह्मचर्य का पालन करें।
  • तामसिक भोजन न करें।
  • झूठ, छल-कपट और अपशब्दों से बचें।
  • किसी के प्रति द्वेष या बुरे विचार न रखें।
  • पूजा और जप के नियमों में लापरवाही न करें।
  • व्रत के दौरान भूमि पर शयन करने का नियम निभाएं।

भीष्म पंचक व्रत का पारण कब और कैसे करें

भीष्म पंचक का समापन 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा के दिन होगा। इस दिन सुबह स्नान करके भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें। भीष्म पितामह को जल और अर्घ्य अर्पित करें। इसके बाद भगवान को खीर और अन्य नैवेद्य चढ़ाएं। पूजा के बाद ब्राह्मणों को भोजन कराएं और दक्षिणा दें। अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र और अन्य वस्तुओं का दान करें।

स्कंद पुराण में कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु की पूजा, ब्राह्मण भोजन और बछड़े सहित गाय का दान करने का विधान भी बताया गया है। इन धार्मिक कार्यों के बाद व्रत का पारण करें।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article