Varanasi News: वाराणसी यानी काशी दुनिया के सबसे पुराने शहरों में से एक है। इस विशाल शहर में ट्रैफिक का दबाव भी काफी है। शहर के अंदर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए यहां 57.3 किमी लंबी रिंग रोड बनाई जा रही है। चार लेन की इस रिंग रोड का काम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। यह रिंग रोड राजा तालाब के पास नेशनल हाईवे 19 (वाराणसी-प्रयागराज-कानपुर हाईवे) से शुरू होकर रेवासा गांव तक जाती है और वापस NH19 से मिल जाती है।
रिंग रोड का राजा तालाब से लेकर हरऊआ तक का हिस्सा फेस-2 का पैकेज 1 है। हरऊआ से संदाह तक फेस 1 है और संदाह से रेवासा गांव तक फेस 2 का पैकेज 2 है। फेस-2 का पैकेज 1 यानी राजा तालाब से हरऊआ तक का हिस्सा काफी समय से तैयार है और ऑपरेशनल भी है। लंबे समय से चालू होने के कारण इस हिस्से पर सड़क कई जगह उखड़ी हुई है। हरऊआ से संदाह तक का हिस्सा भी ऑपरेशनल है और यह सिमेंटेड बना है। संदाह से रेवासा गांव की तरफ का हिस्सा भी अब ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है।
तीनों पैकेज खुल गए तो समस्या कहां है?
इस रिंग रोज के तीनों पैकेज खुल गए हैं, लेकिन फेस-2 का पैकेज-2 जो संदाह से रेवासा गांव तक जाता है उसे अभी सिर्फ हल्के वाहनों के लिए ही खोला गया है। यानी आप इस हिस्से पर बाइक और कार लेकर जा सकते हैं। इसके अलावा छोटा हाथी जैसे छोटे कैरियर भी इससे आ-जा सकते हैं।
अभी छोटे वाहनों के लिए ही क्यों खुला?
अभी इस पैकेज को छोटे वाहनों के लिए ही खोला गया है, क्योंकि फेस-2 के पैकेज 2 में गंगा नदी पर बनाए गए पुल का एक ही हिस्सा तैयार है। दोनों तरफ का ट्रैफिक इसी एक पुल से गुजारा जा रहा है। दूसरी तरफ के पुल का निर्माण कार्य अभी किया जा रहा है और इसे तैयार होने में अभी और समय लगेगा।

वाराणसी में गंगा ब्रिज पर बना ब्रिज (फोटो - x.com/DetoxTravellerr)
नदी पार कैसी है प्रोजेक्ट की स्थिति
गंगा नदी के पुल (Ganga Bridge) को पार करने के बाद सड़क अच्छे से तैयार है। यहां आगे चलने पर रेलवे ओवरब्रिज भी बनकर तैयार है और इसके दोनों हिस्सों में ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है। इस प्रोजेक्ट के खत्म होने से पहले भी एक और रेलवे ओवरब्रिज है, जिसका एक हिस्सा बनकर तैयार है और उस पर ट्रैफिक चल रहा है, जबकि दूसरे हिस्से पर अभी काम जारी है। रिंग रोड के इस हिस्से का जहां पर अंत होता है, वहीं से वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे की शुरुआत होती है।
कब तक पूरा हो जाएगा वाराणसी रिंग रोड का काम?
वाराणसी रिंग रोड परियोजना का काम पूरा होने की डेडलाइन 31 अक्टूबर 2026 रखी गई है। हालांकि, गंगा नदी पर बने पुल के एक हिस्से पर अभी काफी काम बाकी है। ऐसे में तय डेडलाइन तक इसका काम पूरा होने की उम्मीद कम ही है।
नोट - सभी तस्वीरें और जानकारी इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के सोशल मीडिया हैंडल x.com/DetoxTravellerr से ली गई हैं।
