शहर

ग्वालियर बनेगा 'टेलीकॉम और तकनीक' का हब, एमपी टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल में ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) का शुभारंभ किया। पहले फेज में ₹3,611 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 15 हजार से अधिक रोजगार पैदा होंगे और दूसरे फेज की भी लॉन्चिंग हुई।

Image

ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का शुभारंभ

मध्यप्रदेश में औद्योगिक और तकनीकी निवेश को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 19 नवंबर को भोपाल में 'मध्यप्रदेश टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ), ग्वालियर इन्वेस्टर मीट' का शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्वालियर टीएमजेड के पहले फेज की शुरुआत और दूसरे फेज की लॉन्चिंग की गई। पहले फेज के तहत राज्य सरकार को 3,611 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 25 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र भी सौंपे।

51% राज्य और 49% केंद्र की हिस्सेदारी

अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि 170 एकड़ में विकसित हो रहे देश के इस पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 51 फीसदी राज्य और 49 फीसदी केंद्र सरकार की भूमिका होगी। इसके अलावा, टीएमजेड के दूसरे फेज को 450 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। वहीं, केंद्र के दूरसंचार विभाग के अपर सचिव श्यामल मिश्रा ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने पहले चरण के विकास के लिए 493 करोड़ रुपये की सहायता दी है। यह जोन 'प्लग एंड प्ले' मॉडल पर काम करेगा, जहां रिसर्च और डेवलपमेंट की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

'ग्वालियर अब तकनीक की नगरी भी': मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जुलाई 2026 में भारत सरकार के साथ एमओयू साइन होने के महज 4 से 5 महीने के भीतर पहले फेज का आवंटन और दूसरे फेज के लिए 450 एकड़ जमीन देकर शुभारंभ कर दिया गया है। अब ग्वालियर संगीत के साथ-साथ दूरसंचार और तकनीक की नगरी के रूप में भी पहचाना जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 27 गैर-जरूरी अनुपालनों और व्यापार में बाधा बन रहे 925 कानूनों को खत्म किया है। इससे प्रदेश की जीडीपी ग्रोथ रेट 11% से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24% से ऊपर पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि औद्योगिक जरूरतों के लिए गांधीसागर के पास 2,000 मेगावाट की पंप्ड हाइड्रो पावर परियोजना रिकॉर्ड ढाई साल में पूरी की जा रही है। इसके अलावा मंदसौर में एग्रो एंड केमिकल पार्क, रतलाम में बायोफार्मा, धार में टेक्सटाइल पार्क और छिंदवाड़ा में इंडस्ट्रियल बेल्ट पर काम हो रहा है। सरकार रोजगारपरक उद्योग लगाने पर वर्कर्स की सैलरी में 5,000 रुपये प्रति माह की सहायता भी दे रही है।

कनेक्टिविटी और डिजिटल क्रांति का केंद्र बनेगा ग्वालियर: सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश में 2014 के मुकाबले ब्रॉडबैंड उपभोक्ता 6 करोड़ से बढ़कर 102 करोड़ और इंटरनेट कनेक्शन 25 करोड़ से बढ़कर 110 करोड़ हो गए हैं। 50 करोड़ 5जी उपभोक्ताओं के साथ भारत अब 6जी के विकास में दुनिया का नेतृत्व करने को तैयार है। उन्होंने ग्वालियर की बेहतर कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेसवे बनने से यह सफर महज 50 मिनट का रह जाएगा और ग्वालियर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टीएमजेड की दूरी सिर्फ 20 मिनट है। वहीं, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बताया कि दिसंबर से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सचिवालय पूरी क्षमता से काम करने लगेगा और एक सिंगल पोर्टल के जरिए निवेशकों को बिना दफ्तरों के चक्कर लगाए सभी सुविधाएं मिलेंगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article