Yamunanagar Cylinder Accident: यमुनानगर के गांव भेडथल में गुरुवार सुबह गैस रिफिलिंग के दौरान एक भीषण धमाका हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। एक सिलेंडर से दूसरे छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस ट्रांसफर करने के दौरान हुई इस आगजनी में करीब एक दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों में पांच मासूम बच्चे और दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं, जिससे हादसे की गंभीरता और अधिक बढ़ गई है।
गैस रिफिलिंग के दौरान हुआ जोरदार विस्फोट
हादसा उस वक्त हुआ जब गांव भेडथल के समीप स्थित एक फैक्ट्री के मजदूर अपने घरों के बाहर सुबह का खाना बना रहे थे। इसी दौरान दो बड़े व्यावसायिक सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर करने का काम किया जा रहा था। अचानक गैस रिसाव के कारण एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के दो मकानों की दीवारें ढह गईं और छतें पूरी तरह हिल गईं।
मासूमों और गर्भवती महिलाओं समेत 12 झुलसे
इस अग्नितांडव की चपेट में आने से 12 लोग बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, उन्हें अपनी गाड़ियों में ही अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल जगाधरी के डॉक्टरों ने आठ लोगों की हालत को अत्यंत चिंताजनक बताया है। झुलसे हुए पांच बच्चों और महिलाओं समेत आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज अभी भी सिविल अस्पताल में जारी है।
जांच में अवैध गैस रिफिलिंग के सबूत मिले
मौके पर पहुंची पुलिस और 'सीन ऑफ क्राइम' की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान पुलिस को वे तमाम उपकरण और इंस्ट्रूमेंट बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग गैस चोरी और रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि सिलेंडर कमरे की दीवारों को तोड़ता हुआ छत से जा टकराया। पुलिस अब इस मामले में अवैध रूप से गैस का कारोबार करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
