Darjeeling News: उत्तर दिनाजपुर से दार्जिलिंग की हसीन वादियों में हनीमून मनाने आए एक नए शादीशुदा जोड़े की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब एक होमस्टे में बार्बिक्यू के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दुल्हन गंभीर रूप से झुलस गई। महिला फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। यह खौफनाक हादसा 13 सितंबर 2026 को सिटोंग स्थित 'सिटोंग ऑरा होमस्टे' में शाम के वक्त पेश आया।
CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला मंजर
घटना का एक दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तारीख 13 सितंबर की है, जिसमें देखा जा सकता है कि नवविवाहित जोड़ा सौविक दास और उनकी पत्नी निकिता साहा शाम के वक्त बार्बिक्यू ग्रिल के पास बैठे हुए थे। तभी होमस्टे का एक कर्मचारी आग को तेज करने के लिए उसमें कोई ज्वलनशील केमिकल डालने की कोशिश करता है। जैसे ही केमिकल आग में डाला गया, एक जोरदार धमाके जैसी लपटें उठीं और पलक झपकते ही निकिता साहा को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया।
होमस्टे प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, FIR दर्ज
पीड़ित महिला के पति सौविक दास ने कुर्सेओंग पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और 'सिटोंग ऑरा होमस्टे' के प्रबंधन और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सौविक दास द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में जिक्र है कि कर्मचारी ने बिना किसी सुरक्षा उपाय के बार्बिक्यू में अज्ञात ज्वलनशील केमिकल डाल दिया, जिससे आग अचानक भड़क गई। साथ ही होमस्टे परिसर में आग बुझाने के लिए कोई अग्निशामक यंत्र या तत्काल प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा मौजूद नहीं थी। दंपति ने 13 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे ही इस प्रॉपर्टी में चेक-इन किया था और उसी शाम यह दुखद घटना घट गई।
स्थिति गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
अग्निकांड के तुरंत बाद पीड़िता निकिता साहा को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने सौविक दास की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होमस्टे की सुरक्षा व्यवस्था व कर्मचारियों की लापरवाही की जांच कर रही है।
