शहर

दिल्ली में धूप-बारिश का खेल तो कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हिमपात, जानें मौसम का नया हाल

देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है, जहां दिल्ली में हल्की बारिश और तापमान में बदलाव दर्ज किया गया है। वहीं कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में तेज वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Image

दिल्ली और कश्मीर में मौसम की बदली रंगत (सांकेतिक फोटो)

रविवार सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक शहर में कुल पांच मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। विभाग के अनुसार, सफदरजंग और लोधी रोड स्थित वेधशालाओं में 0.8-0.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि पालम क्षेत्र में 0.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। आईएमडी (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक आयानगर में 2.6 मिलीमीटर बारिश हुई और सभी केंद्रों में सबसे ज्यादा 3.5 मिलीमीटर वर्षा पीतमपुरा में दर्ज की गई। इसके अलावा मयूर विहार में 1.0 मिलीमीटर और जनकपुरी में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि रिज वेधशाला क्षेत्र में केवल बेहद हल्की या नाममात्र की बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, राजधानी समेत एनसीआर के इलाकों में दिनभर धूप-बारिश की कशमकश बनी रही।

कुछ ऐसा रहा दिल्ली का तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से 5.1 डिग्री ज्यादा है। वहीं, दिन के दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया। उधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार सुबह नौ बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 190 दर्ज किया गया, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ श्रेणी माना जाता है।

कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हिमपात

अधिकारियों के अनुसार, रविवार को कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग के ऊपरी हिस्सों, जिनमें अफरवत और कोंगदूरी क्षेत्र शामिल हैं, में ताजा हिमपात हुआ। इसके अलावा दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में मुगल रोड पर स्थित पीर की गली तथा सोनमर्ग–जोजिला इलाके में भी बर्फ गिरने की खबर है।

अधिकारियों के मुताबिक जोजिला दर्रे पर ताजा हिमपात के चलते श्रीनगर–लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को एहतियातन बंद करना पड़ा। वहीं, श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 20 मार्च तक मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। विभाग के अनुसार सोमवार सुबह तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को भी पहाड़ी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है। साथ ही 24 और 25 मार्च के आसपास फिर से बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने लेटेस्ट वेदर अपडेट में कहा है कि, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार असम और अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 मार्च के बीच तेज वर्षा होने की संभावना है, जबकि मिजोरम में 15 मार्च को भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article