शहर

Delhi Rain Update: दिल्ली में झमाझम बारिश शुरू, 7 डिग्री तक लुढ़केगा पारा; IMD का येलो अलर्ट

Delhi Rain Today: दिल्ली-NCR में आज यानी 15 मार्च की सुबह बारिश-आंधी के साथ हुई है। पालम, रोहिणी और चाणक्यपुरी समेत दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हो रही है,येलो अलर्ट जारी किया गया है (IMD Yellow Alert Delhi)। आइए जानते हैं IMD के मुताबिक कब तक मौसम का यह दौर चलने वाला है।

Image

दिल्ली के कई इलाको में आज झमाझम बारिश (फाइल फोटो | PTI )

Photo : PTI

Delhi Rain Update Today: दिल्ली की रविवार की सुबह एक अलग ही अंदाज में हुई। पिछले कई दिनों से सूरज की तपिश और पसीने वाली गर्मी से परेशान दिल्ली-NCR के लोगों के लिए आज यानी 15 मार्च का दिन राहत की फुहारें लेकर आया है। सुबह-सुबह पालम, चाणक्यपुरी, जनपथ, रोहिणी, रिठाला और पंडित पंत मार्ग जैसे तमाम इलाकों में हुई बारिश ने न केवल मौसम को शांत किया है, बल्कि फिजा में एक बार फिर से गुलाबी ठंडक घोल दी है।

दोपहर तक जारी रहेगा बादलों का 'एक्शन'

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण बादलों की यह लुका-छिपी और बारिश का दौर दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रह सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी 50 किमी तक की रफ्तार पकड़ सकती हैं। इससे चिलचिलाती धूप का असर कम होगा और अधिकतम तापमान, जो हाल ही में 36 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था, अब तकरीबन 7 डिग्री गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, पहाड़ों से मैदानों तक असर

यह मौसमी बदलाव केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, दिल्ली के पड़ोसी राज्यों, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी 19 मार्च तक बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान के रेतीले इलाकों में भी धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदें गिरने की संभावना है।

आने वाले दिनों का क्या है हाल?

अगर आप कल यानी सोमवार की प्लानिंग कर रहे हैं, तो अच्छी खबर यह है कि 16 मार्च को भी बहुत ज्यादा गर्मी नहीं रहने वाली है, आसमान में बादलों का पहरा रहेगा। तापमान में गिरावट के कारण रातों में अभी भी पंखे की रफ्तार धीमी रह सकती है, क्योंकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत 20 मार्च तक ही टिकेगी, जिसके बाद गर्मी फिर से अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article