शहर

देश के कई राज्यों के लिए अगले 2-3 घंटे भारी! IMD ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने अगले 2-3 घंटों के लिए महाराष्ट्र में मुंबई सहित 5 जिलों में रेड वार्निंग जारी की है। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

देश के कई हिस्सो में बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट

Monsoon Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो से तीन घंटों के लिए देश के कई राज्यों में तात्कालिक (Nowcast) मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग ने महाराष्ट्र में मुंबई शहर, मुंबई उपनगरीय इलाके, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी की है। इस दौरान तेज गरज-चमक के साथ लगभग 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। लोगों को अगले दो-तीन घंटे अत्यधिक सतर्क रहने और बहुत ज्यादा जरूरी न होने पर घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ में भी रेड अलर्ट

IMD के अनुसार छत्तीसगढ़ के बालोद, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद और रायपुर जिलों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान बहुत तेज आंधी, बिजली गिरने और 15 मिमी प्रति घंटा से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए भी रेड वार्निंग जारी की गई है।

ओडिशा, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में ऑरेंज अलर्ट

ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश (5 से 15 मिमी प्रति घंटा) और बिजली गिरने की भी आशंका जतायी की गई है।

ओडिशा और गुजरात के इन जिलों में चेतावनी

ओडिशा के अंगुल, बलांगीर, बरगढ़, देवगढ़, झारसुगुड़ा, कालाहांडी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़ा, संबलपुर और सुंदरगढ़ सहित कई जिलों में मौसम तेजी से बदल सकता है। वहीं गुजरात के अमरेली, दादरा एवं नगर हवेली, दमन, दीव, गिर सोमनाथ, जूनागढ़ और वलसाड भी चेतावनी वाले जिलों में शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, बैतूल, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, हरदा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), मंडला, सिवनी, शहडोल और उमरिया जिलों से लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू, कठुआ, उधमपुर, पुंछ, राजौरी, डोडा, रामबन, किश्तवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, सुरक्षित स्थान पर शरण लेने के साथ ही स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!