Meerut Viral Video: उत्तर प्रदेश के मेरठ में थूककर रोटी बनाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो मेरठ के नौचंकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक ढाबे का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक रोटी बना रहा है। उस पर आरोप है कि वह रोटी पर थूकने के बाद उसे तंदूर में डाल रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने वीडियो वायरल पर संज्ञान लेते हुए रोटी बनाने वाले दो कारीगरों को हिरासत में लिया है। दरअसल, मामला मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि हापुर रोड पर एक पहलवान ढाबा नामक काफी पुराना ढाबा है। वहां खाना खाने पहुंचे कुछ युवकों ने रोटी बना रहे कारीगर का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और हंगामा किया।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दो कारीगरों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि खाना खाने आए युवकों ने देखा की रोटी बनाने वाले कारीगरों ने तंदूर के भीतर रोटी डालने से पहले उस पर थूका। इसका वीडियो युवकों ने बना लिया था।
रोटी बनाने वाले युवक का नाम राजा बताया जा रहा है, जो बिहार का रहने वाला है। पुलिस ने राजा और उसके साथ जमशेद नामक दूसरे लड़के को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने क्या कुछ कहा?
वहीं, इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया कि एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें एक व्यक्ति थूक कर तंदूर में रोटी बना रहा है। ये थाना नौचंदी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला हापुड़ अड्डा के पहलवान ढाबा का वीडियो है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
