रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर अबू धाबी में हुई अमेरिका की मध्यस्थता वाली बातचीत से एक राहत की खबर सामने आई है। दोनों देशों ने युद्धबंदियों यानी Prisoners of War (POWs) की बड़े पैमाने पर अदला-बदली करने पर सहमति जताई है। अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और बातचीत में शामिल जेरेड कुशनर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कैदियों की सबसे बड़ी मानवीय रिहाई को लेकर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि कैदियों की वास्तविक संख्या को गुरुवार को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अबू धाबी में दो दिन चली बातचीत
रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में दो दिनों तक बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच युद्धबंदियों की अदला-बदली को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी।जेरेड कुशनर ने बातचीत के बाद कहा, “सकारात्मक बातों में से एक यह है कि हम कैदियों की सबसे बड़ी मानवीय रिहाई पर सहमत हुए हैं। इसकी संख्या को कल अंतिम रूप दिया जाएगा।”
युद्ध के बीच मानवीय पहल
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच युद्धबंदियों की अदला-बदली को एक महत्वपूर्ण मानवीय कदम माना जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस प्रक्रिया के तहत कितने कैदियों को रिहा किया जाएगा और अदला-बदली कब होगी। दोनों देशों के बीच सहमति के बाद अब गुरुवार को कैदियों की संख्या और आगे की प्रक्रिया को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
