क्रिकेट

PAK vs SL 1st Test Day 3 Highlights: धनंजय डिसिल्वा और कुसल मेंडिस ने कराई श्रीलंका की वापसी, बैकफुट पर पाकिस्तान

श्रीलंका ने अपने नए और पूर्व टेस्ट कप्तान की शतकीय पारियों की बदौलत पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन धमाकेदार वापसी कर ली है। ऐसा रहा तीसरे दिन के खेल का हाल।

Image

धनंयज डिसिल्वा और कुशल मेंडिस (फोटो क्रेडिट AP)

रावलपिंडी: धनंजय डिसिल्वा और कुसल मेंडिस ने पाकिस्तान के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ शानदार शतक जड़कर श्रीलंका को पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन बुधवार को स्टंप तक चार विकेट पर 404 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। डिसिल्वा ने 20 चौकों की मदद से नाबाद 167 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां शतक है। वहीं टेस्ट टीम की कप्तानी मिलने के बाद अपना पहला मुकाबला खेल रहे कुसल मेंडिस ने 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 117 रन की शानदार पारी खेली।

डिसिल्वा और मेंडिस के बीच हुई दोहरी शतकीय साझेदारी

पूर्व और मौजूदा टेस्ट कप्तानों के बीच हुई इस दोहरी शतकीय साझेदारी ने श्रीलंका को पाकिस्तान के पहली पारी के नौ विकेट पर 434 रन (पारी घोषित) के स्कोर के बेहद करीब पहुंचा दिया। श्रीलंका की टीम अब पाकिस्तान के पहली पारी के स्कोर से महज 30 रन पीछे है। डिसिल्वा और कुसल मेंडिस ने पाकिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। हालांकि सटीक गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद अब्बास (64 रन देकर दो विकेट) ने उन्हें कुछ हद तक चुनौती दी।

तोड़ा तिलन समरवीरा और तिलकरत्ने दिलशान का रिकॉर्ड

धनंजय डिसिल्वा और कुसल मेंडिस की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 249 रनों की साझेदारी की जो पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका की ओर से इस विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड तिलन समरवीरा और तिलकरत्ने दिलशान के नाम था जिन्होंने 2009 के दौरे पर लाहौर में 207 रन की साझेदारी की थी। गौरतलब है कि उसी दौरे के दौरान श्रीलंकाई टीम आतंकवादी हमले का शिकार हुई थी। 17 साल बाद उस रिकॉर्ड कोई श्रीलंकाई जोड़ी तोड़ने में सफल रही।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article