ओडिशा के भुवनेश्वर में 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर घर से नकदी और सोने के गहने लूटकर फरार हुए आरोपी को गुजरात में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला के घर पिछले चार महीने से केयरटेकर के रूप में काम कर रहा था। सूरत क्राइम ब्रांच और वडोदरा ग्रामीण SOG की संयुक्त टीम ने उसे करजण में नेशनल हाईवे-48 पर कृष्णा होटल के पास से पकड़ा।
आरोपी की पहचान ओडिशा के खुर्दा जिले के टांगी निवासी 40 साल के बलभद्र रामचरण महाराणा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसने भुवनेश्वर के लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र में रहने वाली 76 वर्षीय कुंजलता नंदा की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या की थी। इसके बाद घर से 32 हजार रुपये नकद और करीब 50 से 60 ग्राम सोने के गहने लेकर फरार हो गया था।
सूरत के DCP क्राइम बीपी रोजिया के मुताबिक, आरोपी के पास से लूटा गया करीब 60 ग्राम सोना, 32 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बेंगलुरु मल्टीपल मर्डर: चामुंडी हिल्स के जंगल से मिले दो और शव
भुवनेश्वर से लुधियाना, फिर गुजरात पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी भुवनेश्वर से फरार होकर पंजाब के लुधियाना पहुंचा था। वहां से वह गुजरात आया और फिर दिल्ली जाने की तैयारी में था।इस बीच सूरत क्राइम ब्रांच की एंटी ऑर्गनाइज्ड क्राइम और वांटेड स्क्वॉड टीम को सूचना मिली कि हत्या और लूट के मामले में फरार बलभद्र महाराणा सूरत आया हुआ है। पुलिस को बाद में पता चला कि वह सूरत से वडोदरा की तरफ निकल गया है।इसके बाद सूरत क्राइम ब्रांच और वडोदरा ग्रामीण SOG ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। दोनों टीमों ने करजण में NH-48 पर स्थित कृष्णा होटल के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भुवनेश्वर पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
चार महीने से बुजुर्ग महिला के घर काम करता था
पुलिस के मुताबिक 76 साल की कुंजलता नंदा भुवनेश्वर के लक्ष्मीसागर थाना क्षेत्र में होटल उपासना लेन स्थित अपने घर में रहती थीं। वह एक रिटायर्ड DFO की पत्नी थीं और घर में उनके साथ केयरटेकर बलभद्र महाराणा रहता था। आरोपी पिछले करीब चार महीने से उनकी देखभाल का काम कर रहा था। पुलिस का आरोप है कि 3 नवंबर 2026 को घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर बलभद्र ने लूट के इरादे से कुंजलता नंदा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घर से नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गया।
4 नवंबर को घर में मिला था खून से लथपथ शव
FIR में दर्ज जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर की सुबह घर में रहने वाले किराएदारों ने कुंजलता नंदा के परिजनों को फोन कर बताया कि वह आवाज देने पर कोई जवाब नहीं दे रही हैं और उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है।इसके बाद उनके दामाद समरेंद्र महापात्र अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रिल का दरवाजा खुलवाया। अंदर कुंजलता नंदा डाइनिंग टेबल के पास फर्श पर पड़ी मिलीं और उनके आसपास काफी खून था। उन्हें इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में भुवनेश्वर के लक्ष्मीसागर पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 0777/2026 दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए ओडिशा पुलिस को सौंपा जाएगा। DCP क्राइम ने बताया कि कोर्ट से पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को भुवनेश्वर ले जाने की प्रक्रिया की जाएगी।
