शहर

नवी मुंबई बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, 8 साल बाद टूटा इंदौर का दबदबा, टॉप-3 से भी हुआ बाहर

Cleanest City of India 2026: नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवी मुंबई को देश के सबसे स्वच्छ शहर का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। सफाई के मामले में लगातार 8 साल तक अव्वल रहने वाला इंदौर इस बार स्वच्छ शहर लीग की शीर्ष तीन रैंकिंग से बाहर हो गया।

Image

नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर (फोटो साभार- @NMMConline)

Cleanest City of India 2026: देश का सबसे स्वच्छ शहर अब नवी मुंबई बन गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के बुधवार को घोषित नतीजों में नवी मुंबई ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। सुपर स्वच्छ लीग में महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने पहला, गुजरात के सूरत ने दूसरा और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया। नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवी मुंबई को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।

नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटील ने यह सम्मान स्वीकार किया। इस मौके पर उपमहापौर दशरथ भगत, मनपा आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खास बात यह है कि नवी मुंबई लगातार 10 वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतता आ रहा है। अब उसने सबसे बड़ा खिताब अपने नाम कर लिया है।

8 साल बाद टॉप-3 से बाहर हुआ इंदौर

इस बार सबसे बड़ा झटका इंदौर को लगा है। सफाई के मामले में लगातार 8 साल तक अव्वल रहने वाला इंदौर इस बार स्वच्छ शहर लीग की शीर्ष तीन रैंकिंग से बाहर हो गया। हालांकि, स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में इंदौर और देपालपुर को दूसरा पुरस्कार मिला है। इस श्रेणी में अहमदाबाद का जोड़ी शहर साणंद पहले स्थान पर रहा।

इंदौर को अहमदाबाद से मिली कड़ी टक्कर

पिछले तीन वर्षों से अहमदाबाद इंदौर को स्वच्छता के मामले में कड़ी टक्कर दे रहा था। दो साल पहले इंदौर और अहमदाबाद को संयुक्त रूप से पहला पुरस्कार मिला था। पिछले साल दोनों शहरों को प्रीमियर लीग में रखा गया था। तीन साल पहले जब अहमदाबाद दूसरे स्थान पर था, तब उसने इंदौर के सफाई मॉडल को अपनाया था। अहमदाबाद के अधिकारियों के एक दल ने इंदौर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया था।

देवास और उज्जैन ने मारी बाजी

अलग-अलग आबादी वाली श्रेणियों में देवास और उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया। दोनों शहरों ने स्वच्छता का मॉडल इंदौर से ही सीखा और वहां इंदौरी मॉडल लागू किया। इंदौर नगर निगम में काम कर चुके अधिकारियों का अनुभव भी इन शहरों के काम आया। 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन ने पहला, चंडीगढ़ ने दूसरा और गुंटूर ने तीसरा स्थान हासिल किया। उज्जैन में वेस्ट मैनेजमेंट के लिए प्लांट स्थापित किया गया। गीले कचरे के निपटान के लिए भी अलग प्लांट लगाया गया। महाकाल मंदिर क्षेत्र की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कहीं गंदगी नजर न आए।

इंदौर का पड़ोसी शहर देवास भी कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहले स्थान पर रहा। इंदौर की तर्ज पर देवास में भी घर-घर कचरा संग्रहण शत-प्रतिशत लागू किया गया। कॉलोनियों से कचरा पेटियां हटा दी गईं। ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे का व्यवस्थित निपटान किया गया।

10 लाख+ कैटेगरी में विशाखापत्तनम नंबर-1

10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में ग्रेटर विशाखापत्तनम सबसे साफ शहर बना। जबलपुर को दूसरा और लखनऊ को तीसरा स्थान मिला। सबसे स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन में रीवा पहले, बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। इस बार सर्वेक्षण में 4,751 से ज्यादा शहरों ने हिस्सा लिया था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article